पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में, निलंबित TMC विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखने के बाद राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। हुमायूं के इस कदम ने नए विवाद को जन्म दे दिया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने की तीखी टिप्पणी- “TMC बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती है” मेघालय में अपने बयान के दौरान गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि निलंबन केवल दिखावा है, ताकि TMC अपनी सियासी रणनीति को छुपा सके। उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी ने लोगों की आँखों में धूल झोंकने के लिए अपने विधायक को सस्पेंड किया था। लेकिन जब तक भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जिंदा रहेगा, हम TMC की इस सांप्रदायिक राजनीति का खुलकर विरोध करते रहेंगे।”
कोलकाता में ‘शौर्य दिवस’ रैली- वहीं कोलकाता में भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने हिंदू संगठनों के साथ मिलकर ‘शौर्य दिवस रैली’ आयोजित की। उन्होंने इस रैली के दौरान हुमायूं कबीर द्वारा रखी गई नींव को “खतरनाक” बताया और कहा कि बाबर के नाम पर धार्मिक स्थल बनाना समाज के लिए सही नहीं।
दिल्ली में मंत्री सुकांता मजूमदार का हमला- केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि यदि वास्तव में सीएम ममता बनर्जी को यह मस्जिद नहीं चाहिए थी, तो हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, “भाजपा अगर कोई रैली करती है, तो पुलिस मंच तोड़ देती है। लेकिन यहाँ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ है कि यह सब सिर्फ हिंदुओं को धोखा देने की राजनीति है।” भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने सांस्कृतिक ताना-बाना उजाड़ने की चेतावनी दी- BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि बाबर भारत की संस्कृति को नष्ट करने के लिए आया था। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “ऐसे व्यक्ति के नाम पर किसी स्मारकको स्वीकार करना देश कभी नहीं करेगा।”















