आतंकवाद के खिलाफ पंजाब पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने गुरदासपुर पुलिस स्टेशन ग्रेनेड हमले के मुख्य आरोपी आतंकी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि 25 नवंबर को गुरदासपुर सिटी पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन सिंह, निवासी रमूवाल बठिंडा के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या बढक़र पांच हो गई है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहन सिंह पाकिस्तान-आधारित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था और उसके निर्देश पर पंजाब में दहशत फैलाने के मकसद से इस हमले को अंजाम दिया। डीजीपी यादव ने बताया कि जांच जारी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की कडय़िों को खंगाला जा रहा है। इससे पहले एक दिसंबर को पुलिस ने इस हमले के मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक पी-86 हैंड ग्रेनेड और दो पिस्तौलों सहित हथियार बरामद किए थे। जो हैंड ग्रेनेड मिला था वह चीन निर्मित था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आतंकियों की पहचान होशियारपुर के तलवाड़ा कस्बा में रहने वाले नवीन और कुश के रूप में की है। डीआईजी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने सोमवार की रात को किसी पुलिस इमारत पर ग्रेनेड हमला करना था, लेकिन पुलिस ने दोनों को काबू कर उनक मंसूबों को विफल कर दिया। डीआईजी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने थाने पर हमले के मामले में दोनों के दो अन्य साथियों गुरदासपुर के गुरदित्त सिंह और होशियारपुर निवासी प्रदीप को भी काबू किया गया है।

















