महाराष्ट्र

महाराष्ट्र पुलिस ने पकड़े 102 अवैध बांग्लादेशी, घरेलू सहायकों के रूप में कर रहे थे काम

पुलिस ने खारघर की हाइड पार्क सोसाइटी में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया। वेरिफिकेशन के दौरान संदिग्ध पहचान के दस्तावेज मिलने के बाद 102 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया।

Published by
सुनीता मिश्रा

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खारघर पुलिस ने घरेलू सहायकों के तौर पर काम करने वाले 102 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। यह कार्रवाई इंटेलिजेंस इनपुट और शुरुआती डॉक्यूमेंट्स की जांच के आधार पर की गई है। हिरासत में लिए गए लोगों में 70 से ज्यादा महिलाएं हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवी मुंबई में खारघर पुलिस ने बुधवार (26 नवंबर) को सेक्टर 35 में हाइड पार्क सोसाइटी में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस की एक टीम हाइड पार्क सोसाइटी में पहुंची। एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने एक बड़े ऑपरेशन के दौरान वहां रहने वालों के घरों में काम करने वाले घरेलू सहायकों (नौकर) और दूसरे काम करने वालों से पूछताछ की। शुरुआती जांच के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। मामले की जांच अभी जारी है।

‘हिरासत में लिए गए सभी बांग्लादेशी घरेलू सहायक मुस्लिम’

बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने भी अपने एक्स अकाउंट पर बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने का वीडियो साझा किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “नवी मुंबई के खारघर में हाइड पार्क सोसाइटी में 102 संदिग्ध बांग्लादेशी घरेलू सहायक मिले हैं। ये सभी मुस्लिम हैं, जिनका स्थायी पता पश्चिम बंगाल दिया गया है। पुलिस और पनवेल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन से उनके दस्तावेजों की प्रामाणिकता की जांच करने का अनुरोध किया गया है।”

सभी लोगों के आधार कार्ड बांग्लादेश से जुड़े

पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए बांग्लादेशियों में 70 से अधिक महिलाएं हैं। ये लोग पहचान वेरिफिकेशन के लिए कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाए। अधिकारियों ने शुरुआती जांच में पाया कि दिखाए गए आधार कार्ड संदिग्ध थे। कई में वेरिफिकेशन के दौरान संभावित गड़बड़ियां पाई गई थीं। हिरासत में लिए गए लगभग सभी लोगों के आधार कार्ड बांग्लादेश से जुड़े हैं।

पुलिस ने पुष्टि की है कि कई लोगों के पास कोई भी ऑफिशियल डॉक्यूमेंट्स नहीं थे। इस गंभीर खुलासे के बाद सभी लोगों को खारघर पुलिस स्टेशन ले जाया गया है, जहां उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस इलाके में उनके रहने के मकसद और क्या वे किसी गैर-कानूनी काम से जुड़े हैं, इसकी पूरी तरह से जांच कर रही है। यह ऑपरेशन नवी मुंबई में अवैध रूप से रहने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी का संकेत है।

Share

Recent News