भारत में रहने वाले हर नागरिक के लिए कई तरह के दस्तावेज बेहद जरूरी होते हैं। जैसे पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड आदि। इन्हीं में से एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज है- पासपोर्ट। अगर किसी को विदेश यात्रा करनी है, पढ़ाई के लिए बाहर जाना है या किसी काम से दूसरे देश जाना है, तो पासपोर्ट सबसे पहली जरूरत होती है। पासपोर्ट के बिना दुनिया का कोई भी देश आपको अपनी सीमा में प्रवेश नहीं देता। अब भारत सरकार पासपोर्ट सिस्टम में एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। यह बदलाव पासपोर्ट को न सिर्फ और सुरक्षित बनाएगा, बल्कि आपकी एयरपोर्ट चेकिंग को भी कई गुना तेज कर देगा। यह बदलाव है-ई-पासपोर्ट।
क्या है ई-पासपोर्ट- ई-पासपोर्ट देखने में बिल्कुल उसी तरह का होगा जैसा अभी का पासपोर्ट होता है। इसके पन्ने भी सामान्य होंगे, रंग भी वही होगा। फर्क सिर्फ इतना है कि इसके कवर के अंदर एक छोटी सी माइक्रो-चिप लगी होगी। यही चिप इस पासपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत है, क्योंकि इसमें आपकी पहचान से जुड़ी कई अहम जानकारी सुरक्षित रूप से स्टोर की जाएगी। इस चिप में आपकी फोटो, नाम, जन्मतिथि, हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक जानकारी सब कुछ सुरक्षित रहेगा। यह पूरी जानकारी इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के हिसाब से डिजिटल रूप में सेव होती है, जिसे छेड़ना या बदलना लगभग नामुमकिन है।
ई-पासपोर्ट क्यों जरूरी है- आज दुनिया भर में पहचान की चोरी, दस्तावेज़ों में फर्ज़ीवाड़ा और अवैध पासपोर्ट बनवाने जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ई-पासपोर्ट इन्हीं समस्याओं पर रोक लगाने में मदद करेगा। भारत से पहले कई देश ई-पासपोर्ट सिस्टम अपनाकर अपनी सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूत कर चुके हैं। भारत भी अब उसी दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा रहा है। ई-पासपोर्ट का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को एयरपोर्ट पर मिलेगा। अब अधिकारी आपके पासपोर्ट को पढ़ने के लिए पन्ने पलटने या बार-बार जांच करने में समय नहीं लगाएंगे। मशीन आपकी चिप को एक सेकंड में स्कैन कर लेगी और सारी जानकारी तुरंत सामने आ जाएगी। इससे बोर्डिंग प्रक्रिया तेज होगी, सुरक्षा जांच अधिक सटीक होगी, लंबी लाइनों में समय कम लगेगा, यात्रा अनुभव काफी आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- PAN 2.0 क्या है? जानिए नए डिजिटल PAN कार्ड को कैसे करें अप्लाई
क्या पुराने पासपोर्ट अब बेकार हो जाएंगे- यह सबसे बड़ा सवाल है और इसका जवाब है- नहीं। सरकार ने साफ कर दिया है कि पुराने पासपोर्ट पहले की तरह मान्य रहेंगे। उन्हें अमान्य नहीं किया जा रहा है। जब आपका पुराना पासपोर्ट खत्म होगा या आप खुद नया बनवाने जाएंगे, तभी आपको ई-पासपोर्ट दिया जाएगा। यानी अगर आपका पासपोर्ट अभी वैध है, तो आपको किसी तरह की जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। पहले चरण में ई-पासपोर्ट सिर्फ कुछ चुनिंदा शहरों में जारी किए जा रहे थे। लेकिन अब सरकार इसे पूरे देश में लागू कर रही है। आने वाले समय में हर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर केवल ई-पासपोर्ट ही बनाए जाएंगे। इससे देशभर में पासपोर्ट व्यवस्था एक जैसी, आधुनिक और ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी।
















