दिल्ली विस्फोट में पहली बार कई ‘डॉक्टरों’ की गिरफ्तारी हुई है, जिनके तार आतंकी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। एजेंसियां उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं
डॉ. उमर मोहम्मद: इसने लालकिले पर हुए आत्मघाती बम धमाके को अंजाम दिया। पुलवामा कश्मीर का रहने वाला उमर डॉ. मुअजम्मिल अहमद का करीबी था। इसने ही ओएलएक्स के जरिए आई-10 कार खरीदी थी। उसके दो भाई और भाभी भी डॉक्टर है। उसकी सगाई हो चुकी थी। दो महीने बाद उसकी शादी होनी थी।
डॉ. आदिल अहमद राथर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के रहने वाला राथर अनंतनाग मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट रह चुका है। एक वर्ष से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के अस्पताल में चिकित्सक के तौर पर काम कर रहा था। अनंतनाग में छापे के दौरान उसके लाॅकर से एके-47 बरामद हुई थी।
डॉ. मुअजम्मिल अहमद गनई : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला है। आदिल से सुराग मिलने के बाद उसे पकड़ा गया। फरीदाबाद के गांव में इसके किराए के घर से लगभग तीन टन एएनएफओ बरामद किया गया।
डॉ. सज्जाद अहमद मला: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का सज्जाद अल-फलाह में ही पढ़ाता था। उमर का दोस्त है। उससे पूछताछ जारी है।
डॉ. शाहीन: यह मुअजम्मिल की मित्र है। इसकी कार मुजम्मिल के पास से बरामद हुई, जिसमें एके-47 बरामद हुई है। यह जैश की महिला विंग की भारत इकाई की प्रमुख बताई जा रही है।

















