एपस्टीन फाइल्स, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फंसे हुए हैं और उन पर आरोप है कि वो इस फाइल को जारी किए जाने से बचने के लिए ही अमेरिकी शटडाउन को लंबा खींच रहे हैं, अगले सप्ताह सार्वजनिक हो सकती है। इसका इशारा अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर माइक जॉनसन ने किया है। उन्होंने कहा कि वो जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी सरकारी फाइल्स को रिलीज करने वाले बिल को अगले हफ्ते फ्लोर पर वोट के लिए लाएंगे। ये बात तब हुई जब हाउस में शटडाउन को खत्म करने वाले लेजिस्लेशन पर डिबेट चल रही थी।
जॉनसन खुद इस बिल के खिलाफ हैं, लेकिन उन्होंने ये ऐलान एरिजोना की डेमोक्रेट एडेलिता ग्रिजाल्वा के स्वेयरिंग इन के ठीक कुछ घंटे बाद किया। ग्रिजाल्वा ने सितंबर के अंत में स्पेशल इलेक्शन जीता था, जो उनके पिता राउल ग्रिजाल्वा की जगह लेने के लिए था। राउल मार्च में गुजर गए थे, और एडेलिता को सात हफ्ते बाद आखिरकार ओथ लिया गया।
डिस्चार्ज पिटिशन से वोट का रास्ता साफ
ग्रिजाल्वा का ये कदम डिस्चार्ज पिटिशन के लिए आखिरी सिग्नेचर साबित हुआ, जो अब 218 सिग्नेचर्स के साथ सक्रिय हो गया है। ये पिटिशन हाउस के नियमों के तहत बिल को ऑटोमैटिकली फ्लोर वोट के लिए ट्रिगर करती है, बिना स्पीकर की मंजूरी के। ग्रिजाल्वा ने फ्लोर पर बोलते हुए कहा, “न्याय किसी और दिन का इंतजार नहीं कर सकता।” नियमों के मुताबिक, वोट दिसंबर की शुरुआत तक जरूरी नहीं था, लेकिन जॉनसन ने इसे अगले हफ्ते शेड्यूल करने का फैसला लिया, जो पहले से जल्दी है।
रिपब्लिकन्स में बिल के पक्ष में वोट की आशंका
रिपब्लिकन पार्टी के अंदर इस बिल के लिए काफी सपोर्ट दिख रहा है। पोलिटिको के मुताबिक, पार्टी के एक बड़े हिस्से के वोट देने की उम्मीद है। नेब्रास्का के रिपब्लिकन रिप्रेजेंटेटिव डॉन बेकन, टेनेसी के टिम बर्चेट और पेनसिल्वेनिया के रॉब ब्रेसनाहन ने साफ कहा है कि वो इसके पक्ष में वोट करेंगे। ये नाम बताते हैं कि पार्टी के अंदर मतभेद कितना गहरा है।
क्या है एपस्टीन फाइल्स
जेफ्री एपस्टीन एक सेक्स ऑफेंडर थे, जो 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग के चार्जेस पर ट्रायल का इंतजार कर रहे थे। जेल में उनकी मौत हो गई, जिसे गवर्नमेंट ने सुसाइड बताया। इस साल जस्टिस डिपार्टमेंट ने घोषणा की कि केस से जुड़ी और कोई डिटेल्स रिलीज नहीं होंगी। इससे जांच से रिलेटेड फाइल्स को पब्लिक करने की मांग तेज हो गई। एपस्टीन की एक्टिविटीज पर जांच की पूरी जानकारी बाहर आने की बात चल रही है, जो कई हाई-प्रोफाइल नामों से जुड़ी हो सकती है।
हालांकि, अगर एपस्टीन फाइल्स से संबंधित बिल हाउस में पास भी हो जाता है, तो ये सीनेट से गुजरना बाकी है। सीनेट लीडर्स ने अभी तक इसे वोट के लिए लाने का कोई संकेत नहीं दिया। फिर प्रेसिडेंट ट्रंप को साइन करना पड़ेगा, जिन्होंने इसे “डेमोक्रेट होक्स” कहा है। ट्रंप ने इस पूरे प्रयास को झूठा करार दिया है।

















