बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए सुबह के करीब साढ़े सात बजे दूसरा चरण के लिए 20 जिलों की 122 सीटों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, और वोट डालने वाले 3.70 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं—इसमें 1.95 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 5.28 लाख नए युवा वोटर शामिल हैं। पहले चरण में 65% से ऊपर वोटिंग हुई थी, जो 2020 के मुकाबले रिकॉर्ड था।
इस बार भी वैसा ही या इससे ज्यादा होने की उम्मीद है। खास बात ये कि यहां दो पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी, सीएम नीतीश के 10 मंत्री और तीन पार्टियों के प्रेसिडेंट भी चुनाव लड़ रहे हैं। मधुबनी जिले में ही 10 सीटें हैं, जहां 31 लाख से ज्यादा वोटर हैं।
प्रधानमंत्री ने की खास अपील
इस बीच दूसरे चरण के मतदान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास अपील की है। उन्होंने x पर कहा, “बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।”
गौरतलब है कि बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने युद्ध स्तर पर तैयारियां की हैं। इसके तहत प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्र से लेकर मैदानी क्षेत्र तक मतदान केंद्रों की सुरक्षा को कड़ा कर रखा है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। प्रदेश के सारे पोलिंग बूथों की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के हवाले है। इसके साथ ही स्थानीय अफसरों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
इसके साथ ही चुनाव व्यवस्था को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए छापेमारी, वाहन जांच और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

















