Delhi Blast: शनिवार शाम करीब 7 बजे दिल्ली के लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके में कई पैदल यात्री घायल हो गए और आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ लोगों की मौत होने की भी खबर है। विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें सिर्फ 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गईं। इसके बाद एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) और एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) के विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी। पूरे इलाके को घेर लिया गया और ट्रैफिक को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा, “आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है।”
यह भी पढ़ें- लाल किले के पास धमाका, चश्मदीदों ने बताई रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी, अब तक 11 लोगो की मौत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस और विशेष एजेंसियां हर कोण से जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि धमाके की सच्चाई का पता लगाया जा सके। अमित शाह ने कहा, “हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। पूरी गहराई से जांच की जाएगी और सच्चाई जनता के सामने रखी जाएगी।” घटना के बाद अमित शाह खुद लोकनायक अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिले। फिलहाल धमाके के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है।

















