वंचित समाज के सिख नेता स्वर्गीय बूटा सिंह पर अभद्र टिप्पणी कर विवादों में घिरे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडि़ंग ने नया विवाद छेड़ दिया है। एसजीपीसी ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा वड़िंग द्वारा सिख बच्चों के जूड़ों को अनुचित तरीके से छूने की कड़ी निंदा की है और तरनतारन में एसएसपी से इसकी शिकायत कर कार्रवाई मांगी है। शिकायत में बताया गया है कि राजा वडि़ंग ने मजाकिया टिप्पणी करते हुए सिख बच्चों के जूड़े (केशों) को छुआ है।
सुखबीर बादल की प्रतिक्रिया
इस बारे में सुखबीर बादल ने एक्स पर लिखा कि सिख समुदाय का अनादर करना और उनका मजाक उड़ाना अब कांग्रेस पार्टी के नेताओं का आम स्वभाव बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने सिख समुदाय को केश का अमूल्य बख्शीश दी है और केश श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज द्वारा सिखों को दिए गए पांच ककारों में से एक है। उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि पंजाब में पैदा होने के बावजूद कांग्रेस पंजाब के अध्यक्ष राजा वडि़ंग सिखों के लिए केश और जूड़े के महत्व को नहीं समझते हैं।
तरनतारन में हुई घटना
जिस तरह से वडि़ंग ने तरनतारन साहिब में दो सिख बच्चों के जूड़ों पर मजाकिया टिप्पणी की और जूड़ों को छुआ, वह इन मामलों और गुरु साहिब द्वारा दिए गए आशीर्वाद की बेअदबी है और इससे सिख समुदाय की भावनाओं को गहरा ठेस पहुंचा है।
स. बूटा सिंह पर की अभद्र टिप्पणी
पिछले दिनों राजा वड़िंग ने अभद्र भाषा का प्रयोग करके अनुसूचित समुदाय का घोर अपमान किया था और इस मामले में पंजाब अनुसूचित जाति आयोग संज्ञान ले कर कार्रवाई कर चुका है।
भाई जैता जी के चित्र का अपमान
इस घटना के अगले ही दिन कांग्रेस पार्टी के अन्य बड़े नेताओं ने भी चुनाव प्रचार के दौरान श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी और भाई जीवन सिंह जी का अपमान किया था। पार्टी के मंच पर गुरु तेगबहादुर जी के बलिदान के बाद उनका शीश सुरक्षित बचा कर लाने वाले भाई जीवन सिंह जैता जी की फोटो के ऊपर गांधी परिवार व अन्य कांग्रेस नेताओं की फोटो लगाई थी। अनुसूचित जाति आयोग इसको लेकर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा को नोटिस जारी कर चुका है।

















