अब आपको अपने जरूरी काम के लिए आधार कार्ड ढूंढने की कोई परेशानी नहीं होगी। सरकार ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिससे आप अपना आधार कार्ड सीधे WhatsApp पर प्राप्त कर सकते हैं। इस सुविधा के जरिए आप MyGov हेल्पडेस्क चैटबॉट का इस्तेमाल करके मिनटों में अपने ऑफिशियल आधार कार्ड को PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं। यह तरीका न सिर्फ आसान है, बल्कि UIDAI की वेबसाइट पर जाकर लंबे और जटिल प्रोसेस से गुजरने की झंझट से भी बचाता है।
MyGov हेल्पडेस्क और DigiLocker- यह सुविधा DigiLocker से जुड़ी हुई है। DigiLocker भारत सरकार का डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है, जिसमें आपके महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से स्टोर होते हैं। MyGov हेल्पडेस्क चैटबॉट के जरिए आप सीधे अपने DigiLocker अकाउंट से आधार कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
इस सुविधा के लिए जरूरी चीजें- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर: आपका WhatsApp नंबर वही होना चाहिए जो आपके आधार कार्ड से लिंक्ड हो। DigiLocker अकाउंट- DigiLocker पर अकाउंट होना चाहिए और वह भी आपके आधार से लिंक्ड होना चाहिए। अगर अकाउंट नहीं है, तो आप DigiLocker की वेबसाइट या ऐप से मिनटों में बना सकते हैं। अगर ये दोनों तैयार हैं, तो आप आधार कार्ड डाउनलोड करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड में आ रही है दिक्कत? बस इस नंबर पर करें कॉल, तुरंत होगा समाधान
WhatsApp पर आधार कार्ड डाउनलोड करने का तरीका- सबसे पहले MyGov हेल्पडेस्क का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91-9013151515 अपने फोन के कॉन्टैक्ट्स में सेव करें। WhatsApp खोलें और इस नंबर पर ‘Hi’ या ‘नमस्ते’ भेजें। चैटबॉट आपको कुछ ऑप्शन्स दिखाएगा। इसमें से ‘DigiLocker Services’ चुनें। अब चैटबॉट आपसे आपका 12-अंकों का आधार नंबर पूछेगा। इसे टाइप करके भेज दें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। इसे WhatsApp चैट में डालकर वेरिफाई करें। वेरिफिकेशन के बाद DigiLocker में स्टोर आपके डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट आएगी। इसमें से ‘Aadhaar Card’ चुनें। बस आपका आधार कार्ड PDF फॉर्मेट में तुरंत आपके WhatsApp पर आ जाएगा।














