कोलकाता स्थित ‘ओस्टर्न प्राइवेट लिमिटेड’ ने पूर्वी भारत में एक अग्रणी कलम निर्माण कंपनी के रूप में अपनी पहचान बनाई है। यह कंपनी अपने प्रमुख ब्रांड ‘गोल्डेक्स’ के अंतर्गत उच्च गुणवत्ता वाले ‘बॉल पेन’ और ‘जेल पेन’ का उत्पादन करती है। कंपनी ने गुणवत्ता, उत्कृष्टता और नवाचार के बल पर केवल भारत ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी विशेष जगह बनाई है और यही वजह है कि कंपनी साल में 150 रु. का कारोबार कर रही है।
1998 में स्थापित इस कंपनी का एक पेन कम से कम 4 रु. और अधिक से अधिक 20 रु. का है। कंपनी के संस्थापक निदेशक हैं जगदीश प्रसाद अग्रवाल, जो कारोबारी जगत में जे.पी. अग्रवाल के नाम से जाने जाते हैं। उनके अनुसार, “कंपनी ने कभी गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया। यही कारण है कि कंपनी न केवल घरेलू बाजार, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी धाक जमा चुकी है। कंपनी के उत्पाद 20 से अधिक देशों में निर्यात होते हैं।”
आज ‘ओस्टर्न प्राइवेट लिमिटेड’ में 600 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी की निर्माण इकाई अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्ज्ति है, जिसमें हर महीने 6 करोड़ पेन तैयार होते हैं। उत्पादन से संबंधित हर काम कंपनी अपने स्तर पर ही करती है। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ती जा रही है। कंपनी का सबसे लोकप्रिय उत्पाद है गोलडेक्स क्लासी बॉल पेन, जो अपने बेहतरीन लेखन और सुरुचिपूर्ण डिजाइन के लिए जाना जाता है।

जे.पी. अग्रवाल को इस उद्योग में 40 वर्ष का अनुभव है। वे ‘बॉलप्रो टेक्नोलॉजी’ के भी स्वामी हैं, जो एक प्रौद्योगिकी कंपनी है। यह कंपनी उच्च-गुणवत्ता वाले बॉल पेन टिप्स (पेन की नोक) बनाती है और जिसकी क्षमता प्रति माह 12 करोड़ टिप्स बनाने की है। श्री अग्रवाल ने बताया कि अब तक कंपनी पर ऐसी कोई बाधा नहीं आई है, जो कंपनी की सेहत पर असर डाल सके। वे इस बात से संतुष्ट हैं कि कंपनी धीरे ही सही, लेकिन अपनी राह पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
कई दशक से कंपनी को संभालने वाले जे.पी. अग्रवाल अब धीरे-धीरे अपनी नई पीढ़ी को यह दायित्व दे रहे हैं। 2017 में उनके पुत्र विशेष अग्रवाल कंपनी के निदेशक बने हैं। विशेष अग्रवाल अपनी नई सोच के साथ नवाचार पर बल दे रहे हैं। एक गतिशील और दूरदर्शी पेशेवर के रूप में वे उत्पाद विकास, विपणन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समग्र प्रशासन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में यह कंपनी और विस्तारित होगी।

















