भुवनेश्वर । पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक ओडिया छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने गहरी नाराज़गी और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को “अत्यंत निंदनीय और पीड़ादायक” बताया।
मुख्यमंत्री मोहन माझी ने ममता बनर्जी से की सख्त कार्रवाई की मांग
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस दर्दनाक घटना की खबर सुनकर वे गहराई से मर्माहत हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम और उदाहरणीय कार्रवाई की जाए।
ओडिशा सरकार ने पीड़िता को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया
सीएम माझी ने पीड़िता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि ओडिशा सरकार पीड़िता और उसके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
Hon’ble Chief Minister Shri @MohanMOdisha has expressed deep anguish and strongly condemned the heinous gang rape of an Odia student in Durgapur, West Bengal. The Odisha CM has urged Hon’ble Chief Minister of West Bengal, Smt. @MamataOfficial, to ensure swift and exemplary action…
— CMO Odisha (@CMO_Odisha) October 11, 2025
दुर्गापुर में ओडिया छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला
बता दें कि पश्चिम बंगाल में पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में ओडिशा से आई मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जब छात्रा अपने एक दोस्त के साथ कॉलेज परिसर के बाहर रात का खाना खाने गई थी।
परिवार ने बताई पूरी घटना की जानकारी
वहीं छात्रा के परिवारवालों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार रात अपनी बेटी के दोस्तों से फोन पर घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वे शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि रात करीब 10 बजे जब उनकी बेटी कॉलेज परिसर से बाहर गई थी, तभी तीन अज्ञात युवकों ने उसका अपहरण कर जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवकों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और किसी को बताने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस जांच में सामने आए अहम तथ्य
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे छात्रा अपने पुरुष मित्र के साथ कॉलेज परिसर से बाहर नाश्ता करने गई थी। इसी दौरान कुछ युवक मोटरसाइकिल से उनका पीछा करने लगे और अभद्र टिप्पणियां कीं। आरोप है कि उन्होंने छात्रा के मित्र को वहां से भगा दिया और छात्रा को पकड़कर कॉलेज परिसर के पीछे स्थित जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपित उसका मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिया था। बाद में छात्रा का मित्र कॉलेज से अन्य छात्रों को लेकर वहां पहुंचा और घायल अवस्था में छात्रा को जमीन पर पड़ा पाया। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली
पुलिस ने पुष्टि की है कि पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है।

















