हेरोइन, गांजा, दवाइयां व अन्य सिंथेटिक नशीले पदार्थों के बाद पंजाब में ऐसे नशे ने दस्तक देनी शुरू कर दी है, जिसे अत्यंत खतरनाक माना जाता है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा सुरक्षा बलों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांव भैणी राजपूत्तां के पास की गई अचानक चेकिंग के दौरान 3 किलोग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस और बीएसएफ द्वारा साझा खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। फिलहाल, पुलिस ने थाना घरिंडा में इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
तकनीकी जांच जारी है ताकि नशा तस्करों की पहचान की जा सके और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। एसएसपी (ग्रामीण क्षेत्र) मनिंदर सिंह ने बताया कि इस बरामदगी से नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस का लक्ष्य प्रदेश को नशामुक्त बनाना है और इस दिशा में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

















