गत 7 अक्तूबर को भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर दिल्ली के अशोक विहार स्थित सेवा भारती डायग्नोस्टिक एवं डायलेसिस सेंटर में वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए नि:शुल्क ‘डायलिसिस’ सेवाएं और ‘थैलेसीमिया’ जांच सुविधाओं का शुभारंभ हुआ।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के करकमलों से संपन्न हुआ। अपने उद्बोधन में डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि सामर्थ्यवान लोगों को मिलकर समाज के उपेक्षित वर्ग के स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान की चिंता करनी होगी। भारत के लोगों में करुणा भाव बहुत प्रबल है, सेवा का अवसर परमात्मा द्वारा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि अगर सभी खड़े हो जाएं तो दो-तीन साल में दिल्ली के अस्वस्थ समाज को स्वस्थ बनाया जा सकता है। हमें अगले पांच वर्ष में दिल्ली को एनीमिया मुक्त बनाना है। रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत और दिल्ली को विकसित और स्वस्थ बनाने के लिए सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा।
मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि अभी स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत काम करना बाकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अरुण बंसल ने की। इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, सेवा भारती, दिल्ली के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, संगठन मंत्री शुकदेव सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।















