भुवनेश्वर । विश्व हिन्दू परिषद (VHP) ने कटक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा पर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया है। घटना के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए संगठन ने सोमवार (6 अक्टूबर) को कटक बंद का आह्वान किया है। परिषद ने कदम रसुल इलाके की नियमित जांच किये जाने तथा कटक जिला कलेक्टर और डीसीपी का तबादला करने की मांग की।
विहिप जिलाध्यक्ष ने जताया आक्रोश, पुलिस पर उठाए सवाल
विश्व हिन्दू परिषद कटक जिलाध्यक्ष श्री बासुदेव बेहरा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चालू दुर्गा पूजा विसर्जन उत्सव में जेहादी शक्तियों द्वारा जिस प्रकार से दुर्गा प्रतिमा और शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पत्थरों और घातक हथियारों से हमला किया गया, वह अत्यंत निंदनीय घटना है। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में इस प्रकार की घटना घटने से पूरे कटक के सभी शांति-प्रेमी नागरिक गहरे आहत हुए हैं।
पूजा मंडपों पर हमला, कई लोग घायल
कटक के दो पूजा मंडप – भागवत समिति झांझिरीमंगला और राउशापाटना मैदान – पर यह हमला किया गया। इसमें 4 युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं तथा कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पत्थर और हथियारों से हमला करने तक ही नहीं, बल्कि विधर्मियों ने धारदार हथियारों से भी हमला करने से परहेज नहीं किया।
पुलिस की विफलता पर सवाल, सीसीटीवी और ड्रोन बेअसर
उन्होंने कहा, “पुलिस और जिला प्रशासनिक अधिकारी कह रहे हैं कि 1000 सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे लगाए गए थे। लेकिन उनका क्या फायदा हुआ? यह पुलिस और प्रशासन की पूरी तरह से विफलता है। आम लोगों के अलावा पुलिस पर भी हमला हुआ और डीसीपी भी घायल हुए।”
विहिप ने लगाया आरोप – जिहादियों को संरक्षण मिला
उन्होंने आरोप लगाया कि जब जिहादी तत्व धारदार हथियार और लाठी दिखा रहे थे, उस समय पुलिस उन्हें सुरक्षा दे रही थी – इसका वीडियो हमारे पास है। पुलिस उन्हें उसी समय गिरफ्तार कर सकती थी, लेकिन ऐसा न करके मूकदर्शक बनी रही, जिससे हिन्दू समाज को नीचा दिखाने के साथ-साथ पुलिस और सरकार की कार्यप्रणाली पर आम जनता में संदेह उत्पन्न हो रहा है। यह स्पष्ट है कि स्थानीय कांग्रेस विधायक सोफिया फिरबोस के संरक्षण में पाकिस्तान का झंडा फहराना, “I Love Mohammad” का प्रचार करना आदि गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। सरकार भी हिन्दुओं के पर्व-त्योहारों पर विभिन्न प्रतिबंध लगाकर अशांति पैदा कर रही है।
विसर्जन शोभायात्रा पर हमला सुनियोजित साजिश – विहिप
विसर्जन शोभायात्रा पर यह हमला एक सुनियोजित हमला था और यह पुलिस की खुफिया विफलता को प्रमाणित करता है। पुलिस के 1000 सीसीटीवी और ड्रोन आखिर किसके हित में उपयोग हो रहे थे?
विहिप की प्रमुख मांगें और कटक बंद की घोषणा
उन्होंने कहा कि विहिप की प्रमुख मांगों में कटक के एक ही स्थान पर बार-बार ऐसी बर्बर घटनाएँ होने के कारण दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। कदमरसुल क्षेत्र के भीतर पुलिस प्रशासन द्वारा घर-घर जाकर जाँच की जाए और वहाँ के साथ-साथ बाहर से आए अपराधियों व घुसपैठियों को भी हटाया जाए। सभी पीड़ितों के इलाज का खर्च सरकार वहन करे। कदमरसुल क्षेत्र में बार-बार साम्प्रदायिक घटनाएँ घट रही हैं, इसलिए पुलिस द्वारा नियमित जाँच की जाए और सरकार को सुरक्षा रिपोर्ट दी जाए।
6 अक्टूबर को कटक बंद, हिन्दू समाज से एकजुटता की अपील
इस घटना की व्यापक जाँच कर पर्दे के पीछे मौजूद सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर आगामी सोमवार, दिनांक 06.10.2025 को पूरे कटक बंद किया जाएगा। हम कटक शहर के सभी हिन्दू समाज और पूजा कमिटियों के कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि इस बंद का पूर्ण सहयोग करें और साम्प्रदायिक दंगाइयों के खिलाफ एकजुट हों। यदि आने वाले दिनों में सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है तो विश्व हिन्दू परिषद समाज को जागरूक करने और संघर्ष करने के लिए बाध्य होगा।
विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी रहे मौजूद
परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष गौर कैलाश राव, संपादक देवी प्रसाद महापात्र तथा बजरंग दल के जिला संयोजक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। साथ ही झांझिरीमंगला और राउशापाटना की पूजा कमिटी के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
भाजपा ने भी घटना की निंदा की, NSA लगाने की मांग
उधर, कटक जिला भाजपा ने भी इस घटना की निंदा की है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने कहा कि आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत मामला दर्ज किया जाए ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान अशांति फैलाने वालों के लिए यह मिसाल बने।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुकांत विश्वाल का बयान
कटक भाजपा अध्यक्ष सुकांत विश्वाल ने कहा, “हम विसर्जन समारोह के दौरान हुए हमले की निंदा करते हैं। हम मांग करते हैं कि हमले में शामिल और शहर की भाईचारे की भावना को ठेस पहुँचाने की कोशिश करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।”

















