देहरादून। युवा बेरोजगारों के धरना स्थल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक पहुंचे और मौके पर ही सभी मांगों को मानते हुए, नकल प्रकरण मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति की।
मुख्यमंत्री धामी ने आंदोलनकारी नेता बॉबी पंवार, राम कंडवाल सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में कहा आप सब मेरे अपने हैं, आपकी इस प्रकरण में भर्ती परीक्षा में नकल मामले में जो भी मांगें हैं, सरकार उसे मानती है। उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती में कभी भी कोई संदेह है,वे स्वयं उसको दूर करेंगे।
आंदोलनकारियों ने कहा कि नकल विरोधी अध्यादेश में ये प्रावधान भी है कि इस मामले में नकल को लेकर कोई सबूत मिलते हैं तो परीक्षा रद्द कर दी जाएगी। इस पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस मामले की जांच, पूर्व न्यायमूर्ति ध्यानी की देखरेख में एसआईटी कर रही है उनकी रिपोर्ट आने पर इस पर भी विचार कर लिया जाएगा।
सीएम धामी ने मौके पर ही आंदोलनकारियों के बीच उनके द्वारा की गई सीबीआई जांच की संस्तुति के आदेश उनके मांग पत्र पर करते हुए कहा कि सरकार हमेशा आपके साथ है।
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, वीरभूमि है, हर घर से कोई न कोई सैनिक है, हमे अपने सैनिकों पर गर्व है और इसी तरह हमें अपने युवाओं पर भी गर्व है क्योंकि आप पर देश को 2047 को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी है ,हमारा राज्य देश में अग्रणी राज्य बने इसके लिए सब को एक साथ चलना है।
सीएम धामी के साथ आए विधायक खजान दास ने मांगे पूरी होने पर धरना प्रदर्शन को खत्म करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आगे त्यौहार है, सब अपने घरों में खुशियों के साथ जाएं। हम सब मिलकर बैठकर हर समस्या का समाधान खोज लेंगे। आप धरने पर हैं, मै भी आपके साथ हूं, चाहता तो अपने कार्यालय में बात कर सकता था।
उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी सूची बना कर दे युवाओं बेरोजगारों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री धामी के इस कदम से धरने पर बैठे युवाओं में उत्साह और विश्वास की नई लहर दौड़ गई। युवाओं ने धामी का आभार जताया। सीएम के इस कदम के बाद आंदोलनकारियों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।

















