पलवल: हरियाणा के पलवल जिले के गांव आली मेव निवासी 35 वर्षीय तौफीक को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि तौफीक व्हॉट्सएप के जरिए पाकिस्तान को संवेदनशील और खुफिया जानकारी भेज रहा था। वह पाकिस्तान भी जा चुका है। फिलहाल जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
मोबाइल से बरामद दर्जनों पाकिस्तानी नंबर
पलवल पुलिस का कहना है कि तौफीक भारतीय सैन्य गतिविधियों और बीएसएफ (BSF) से जुड़ी गोपनीय जानकारियां दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के कर्मचारियों तक व्हाट्सएप के जरिए पहुंचा रहा था। उसके मोबाइल से दर्जनों पाकिस्तानी नंबर बरामद हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तौफीक साल 2022 में अपने रिश्तेदारों से मिलने पाकिस्तान गया था। वहीं उसकी मुलाकात पाक एम्बेसी में कार्यरत एक कर्मचारी से हुई थी।
पाकिस्तानी नंबरों पर करता था कॉल और चैट
बताया जा रहा है कि भारत लौटने के बाद भी तौफीक का संपर्क पाकिस्तान से बना हुआ था। आरोपी को जासूसी से संबंधित विभिन्न कार्य सौंपे जाते थे। उन्हें पूरा करने पर उसे पाकिस्तान की तरफ से फंडिंग भी की जाती थी। वह दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर उस कर्मचारी से मुलाकात करता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, तौफीक ने वॉट्सऐप के जरिए बीएसएफ में तैनात एक कर्मचारी और पलवल के अन्य लोगों की जानकारी पाकिस्तान भेजी। वह पाकिस्तानी नंबरों पर कॉल और चैट भी करता था।
जांच एजेंसियां कर रही हैं तौफीक के नेटवर्क की जांच
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान से लौटने के बाद तौफीक ने अपने इलाके में कई लोगों से संपर्क साधा। वह उन्हें पाकिस्तान जाने के लिए वीजा लगवाने की सलाह देता था। इतना ही नहीं, वह भारत से पाकिस्तान जाने वाले लोगों की मदद भी करता था। माना जा रहा है कि इस नेटवर्क में अकेले तौफीक नहीं है बल्कि कई लोग शामिल हो सकते हैं। इस नेटवर्क के तार काफी लंबे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं और उसके अन्य साथियों को भी तलाशा जा रहा है।

















