हरिद्वार। यूकेएसएसएससी नकल प्रकरण की जांच तेज हो गई है। एस आईटी प्रमुख जया बलूनी अपनी टीम के साथ देर रात इस प्रकरण के आरोपी खालिद के घर पहुंचीं और तीन घंटे से अधिक समय तक स्वजनो से सख्त पूछताछ की। इस दौरान खालिद की बहन और पिता से अलग-अलग गहन सवाल-जवाब कर क्रॉस चेक किए गए।
टीम ने घर की तलाशी लेकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। एसपी जया बलूनी ने बताया कि खालिद की बहन की ओर से अभी तक मांगे गए शैक्षिक प्रमाणपत्र नहीं सौंपे गए हैं, इसलिए आगे पूछताछ जारी रहेगी। देर रात हुई इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई। जांच के दौरान पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। एसआईटी का कहना है कि जब तक सभी बयानों में समानता नहीं आती, तब तक पूछताछ का सिलसिला जारी रहेगा।
परीक्षा केंद्र जाकर स्वामी, प्रबन्धन से भी एसआईटी टीम ने पूछताछ की है ताकि ये भी पता लगाया जा सके कि इसमें संस्थान की किसी व्यक्ति की मिलीभगत तो नहीं है।
सीएम धामी का बयान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि वे युवाओं के हित की बात करते हैं। यदि इस प्रकरण की वे सीबीआई जांच करवाना चाहते है तो वो भी सरकार करा देगी।लेकिन पहले एसआईटी जांच तो करवाने दीजिए। उन्होंने कहा कि सीबीआई भी केस लेने से पहले ये देखती है कि राज्य सरकार या पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल में क्या किया ? श्री धामी ने कहा हम किसी भी आरोपी को छोड़ने वालों में नहीं है। देश का सबसे नकल विरोधी कानून हम लेकर आए है, सौ से ज्यादा नकल माफिया जेल गए हैं। 25000 युवाओं को हमने सरकारी सेवा में नौकरियां दी है।

















