उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मुहम्मद’ की आड़ में अराजकता के दुष्प्रयोजन के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद कड़ा संदेश दिया है। शनिवार को श्रावस्ती में 510 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग हैं जिनको शांति और कल्याण अच्छा नहीं लगता। जब भी कोई हिंदू पर्व और त्यौहार आता है, उनको गर्मी आने लगती है और उनकी गर्मी को शांत करने के लिए हमें डेंटिंग-पेंटिंग का सहारा लेना पड़ता है।
सीएम योगी ने कहा कि जैसे माँ भगवती चंड-मुंड को रौंदने का कार्य करती हैं उसी प्रकार समाज के लिए संकट उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो कई पीढ़ियों के लिए नजीर बन जाएगी। उन्होंने अराजक तत्वों को दो टूक कहाः सनातन सभी का सम्मान करता है मगर मूल्यों की अवहेलना करने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि ‘न छूटोगे और न छूट पाओगे’। इसके साथ ही, सीएम योगी ने 7 अक्तूबर को महर्षि वाल्मीकि के जन्मदिवस पर छुट्टी की घोषणा करते हुए प्रदेश भर के देवालयों में संस्कृति व पर्यटन विभाग के सहयोग रामायण पाठ के आयोजन की बात कही।
मां भगवती ऐसे चंड-मुंड को रौंदने का कार्य करती हैं
मुख्यंत्री योगी आदित्यानाथ ने कहा कि इस्लाम में एक ओर कहते हैं हम बुत परस्ती का विरोध करते हैं, ये उनकी फिलॉसफी है। हम तो मूर्ति पूजक हैं साकार और निराकार ब्रह्म की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि व विजयादशमी के पर्व पर अव्यवस्था पैदा करने वाले चंड-मुंड जैसा कार्य कर रहे हैं जिसे माँ भगवती कभी बर्दाश्त करने वाली नहीं है। माँ भगवती तो ऐसे चंड और मुंड को रौंदने का ही कार्य करती है और इसीलिए सभी सनातन धर्मावलंबी माँ भगवती दुर्गा की पूजा इसीलिए करते हैं, जिससे शक्ति अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि उपासना आपका निजी विषय है, अंतःकरण का विषय होना चाहिए। यह चौराहे पर प्रदर्शन करने का विषय नहीं होना चाहिए। इसलिए हम लोगों ने कहा कि धर्म स्थलों पर माइक बंद होने चाहिए। यह प्रतिबंध उत्तर प्रदेश में यथावत रहेगा। अराजकता कतई स्वीकार्य नहीं है।
सीएम योगी ने कहा कि हम सम्मान सभी को देंगे, सुरक्षा सभी को देंगे, लेकिन अगर किसी ने आस्था के नाम पर तोड़फोड़ व आगजनी की तो वह परिणाम भुगतने को तैयार रहे। उन्होंने कहा कि राह चलते नागरिकों पर हमला करने वालों, बेटियों को परेशान करने वालों, व्यापारियों व पुलिस पर हमला करने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं और छूटने भी नहीं देंगे। प्रतिष्ठानों में आगजनी करने का दुस्साहस करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि उसके ही नहीं बल्कि उसकी कई पीढ़ियों के लिए नजीर बन जाएगी। वह बोले, कोई सनातनी भेदभाव नहीं करता मगर पर्व-त्योहारों में व्यवधान और माहौल खराब करना स्वीकार्य नहीं है। ये चेतावनी है उन लोगों को जो बच्चों व महिलाओं की आड़ में बुजदिलों की तरह कार्य करने का काम कर रहे हैं इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इसे भी पढ़ें: हर धर्मात्मा को सज्जन शक्ति का संरक्षण व दुर्जन शक्ति को समाप्त करना होगाः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
दुनिया को विकास का संदेश दे रहा भारत
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास का संदेश भारत दुनिया को दे रहा है। लेकिन, कुछ लोग हैं जिन्हें शांति अच्छी नहीं लगती। महापुरुष किसी भी परंपरा में हों उनका सम्मान होना चाहिए मगर आस्था अंतःकरण का विषय है प्रदर्शन का नहीं। चौराहों पर उपद्रव की कोई छूट नहीं है। लाउड स्पीकरों पर प्रतिबंध उत्तर प्रदेश में यथावत रहेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के सभी को सुविधा, सम्मान और संरक्षण के लिए कार्य कर रही है।
सबका साथ और सबका विकास हमारा ध्येय है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट बन रहा है, देश-दुनिया के टूरिस्ट यहां आएंगे तो विकास श्रावस्ती का होगा। ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है और उपद्रवियों व माफियाओं से निपटना जानता है। उन्होंने सपा-बसपा और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि वह दिन गए जब लूटमार और माफियाओं से हाथ मिलाने का चलन था।
















