नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को मिलने से पहले आधे घंटे इंतजार कराया। इससे दोनों की फजीहत हुई। दरअसल ट्रंप किसी दूसरे कार्य में व्यस्त थे जिस कारण शहबाज शरीफ और मुनिर को उनका लंबा इंतजार करना पड़ा।
तस्वीरों में फर्नीचर पर इंतजार करते हुए दिखाया गया…
वाइट हाउस प्रेस पूल की तस्वीरों में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को ओवल ऑफिस के फर्नीचर पर इंतजार करते हुए दिखाया गया है। जबकि ट्रंप कमरे के दूसरी ओर अपने पिछले कार्यक्रम को समाप्त कर रहे थे। इसके बाद ट्रंप, शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर से मिले। डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ बंद कमरे में बैठक की। बैठक निर्धारित समय से करीब 30 मिनट की देरी से हुई।
यह बैठक मूल रूप से वाशिंगटन समयानुसार दोपहर 4:30 बजे (पाकिस्तान समयानुसार सुबह 1:30 बजे) शुरू होने वाली थी। पर ट्रंप पत्रकारों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे जिस कारण बैठक में देरी हुई। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि ‘वे आ रहे हैं और शायद अभी इस कमरे में ही हों। मुझे नहीं पता, क्योंकि मैं लेट हूं।’
बंद कमरे में करीब 1 घंटे 20 मिनट चली बैठक
ट्रंप, शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर के बीच यह बैठक करीब एक घंटे 20 मिनट चली। इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक इस बैठक में व्यापार समझौते, दुर्लभ खनिजों पर सहयोग और आर्थिक विकास जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। इस बैठक के बाद कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ की ट्रंप के साथ यह पहली मुलाकात थी। जुलाई 2019 में इमरान खान की यात्रा के बाद से वह ओवल ऑफिस जाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। ट्रंप पहले ही संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर आठ अरब और मुस्लिम देशों के नेताओं के साथ बैठक कर चुके हैं। जिसका मुख्य विषय गाजा में इजराइल-हमास युद्ध को समाप्त करना था। मुनीर इससे पहले भी व्हाइट हाउस जा चुके हैं।

















