ई-पासपोर्ट एक नया और आधुनिक पासपोर्ट है, जो दिखने में सामान्य पासपोर्ट जैसा ही होता है। फर्क सिर्फ इतना है कि इसके कवर पर एक छोटी सी गोल्डन चिप लगी होती है। असली चिप पासपोर्ट के कवर के अंदर लगी रहती है, जो आपकी निजी जानकारी को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखती है। इस चिप में आपकी पहचान से जुड़ी अहम जानकारियां जैसे- नाम, जन्मतिथि, पासपोर्ट नंबर,फोटो, फिंगरप्रिंट (उंगलियों के निशान) और बायोमेट्रिक डाटा स्टोर किया जाता है। यह चिप आपकी पहचान को और अधिक सुरक्षित और प्रामाणिक बनाती है, जिससे फर्जीवाड़ा या जालसाजी की संभावना बहुत कम हो जाती है।
ई-पासपोर्ट के फायदे- चिप में मौजूद डिजिटल डाटा को पढ़ने के लिए खास मशीन होती है, जिससे कोई भी आपकी जानकारी को आसानी से नहीं पढ़ सकता। एयरपोर्ट पर ई-पासपोर्ट की जांच जल्दी हो जाती है। यह तकनीक जाली पासपोर्ट को पहचानने में मदद करती है।
ई-पासपोर्ट के लिए कैसे आवेदन करें- ई-पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया बिल्कुल सामान्य पासपोर्ट जैसी है- सबसे पहले पासपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। अगर आपने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, तो नया अकाउंट बनाएं। फॉर्म भरें और डॉक्युमेंट अपलोड करें, वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरें और मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) या डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र के लिए अपॉइंटमेंट लें। अपॉइंटमेंट की तारीख पर पासपोर्ट कार्यालय जाएं और अपने डॉक्युमेंट्स की जांच करवाएं। यहाँ आपकी बायोमेट्रिक जानकारी भी ली जाती है। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका ई-पासपोर्ट आपके घर के पते पर डाक के जरिए भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Ladki Bahin Yojana: माझी लाडकी बहीण योजना क्या है, किसको मिलेगा लाभ, कौन कर सकता है आवेदन, जानें प्रोसेस
क्या सभी लोग ई-पासपोर्ट बनवा सकते हैं- हाँ, हर भारतीय नागरिक ई-पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकता है, चाहे वह नया पासपोर्ट बनवा रहा हो या पुराने पासपोर्ट का रिन्यूअल करवा रहा हो।













