उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूट्यूबर मनी मेराज पर एक युवती ने दुष्कर्म, जबरन मतांतरण, गर्भपात कराने और मारपीट जैसे कई संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने खोड़ा थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
युवती के अनुसार, यह सारी घटना करीब ढाई साल पहले शुरू हुई थी। युवती की शिकायत के मुताबिक, मेराज ने खुद को अविवाहित बताकर उनका विश्वास जीता। एक दिन उन्होंने युवती को कोल्ड ड्रिंक ऑफर की, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। बेहोशी की हालत में मेराज ने पीड़िता के साथ शारीरिक शोषण किया। जब युवती को होश आया और उन्होंने इसका विरोध किया, तो मेराज ने शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद भी उन्होंने इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं होने दिया और युवती को अपने घर में रखा, लेकिन बाहर की दुनिया से अलग-थलग कर दिया। युवती ने आरोप लगाया कि शादी के बाद मेराज उनके साथ हर रोज शारीरिक संबंध बनाते रहे, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गईं। लेकिन मेराज ने जबरदस्ती उनका गर्भपात करा दिया।
मामला यहीं नहीं रुका। शादी के बाद मेराज और उनके परिवार ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने पुलिस शिकायत में बताया कि मेराज उन्हें इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर करते थे और गोमांस खाने का भी दबाव डालते थे। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो मेराज और उनके परिजनों ने उन पर मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी। युवती ने खुलासा किया कि बाद में उन्हें पता चला कि मेराज पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे भी हैं। इसके अलावा, मेराज के कई अन्य लड़कियों से अवैध संबंध थे, जो उन्होंने छिपाकर रखे थे।
इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले पर बात करते हुए बताया, “पीड़िता की तहरीर के आधार पर खोड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
















