प्रयागराज । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रयागराज निवासी अंजनी मिश्रा का मोबाइल नंबर स्क्रीन पर दिखाए जाने का मामला गरमाया हुआ है। अंजनी मिश्रा का कहना है कि इसके बाद से उनके नंबर पर लगातार अनजान लोगों के फोन आ रहे हैं और उनकी निजी जिंदगी में खलल पड़ रहा है।
फर्जी रिपोर्ट और परेशानियां
अंजनी मिश्रा ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी द्वारा दिखाई गई रिपोर्ट पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने कभी भी अपना वोट हटवाने का कोई आवेदन नहीं किया था। बावजूद इसके, उनका नंबर बिना अनुमति के सार्वजनिक कर दिया गया। इसके चलते उन्हें हर रोज दर्जनों अनजान कॉल्स का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस में शिकायत करने की तैयारी
अंजनी मिश्रा ने कहा कि वह इस मामले में जल्द ही पुलिस की मदद लेने और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पर विचार कर रहे हैं। उनका कहना है कि निजी जानकारी को बिना अनुमति सार्वजनिक करना उनकी निजता का उल्लंघन है।
राहुल गांधी का आरोप और विवाद
उल्लेखनीय है कि 18 सितंबर को राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर वोट चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सॉफ्टवेयर के माध्यम से विपक्षी मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। इसी दौरान स्क्रीन पर अंजनी मिश्रा का नंबर उन लोगों की सूची में दिखाया गया जिन्होंने कथित तौर पर अपना वोट हटवाने का आवेदन दिया था।
निजता भंग का गंभीर मामला
अंजनी मिश्रा, जो सेल्स का काम करते हैं, का कहना है कि उनका महाराष्ट्र से कोई संबंध नहीं है। उनका नंबर वायरल होने के बाद उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह घटना प्राइवेसी उल्लंघन पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

















