इंफाल (हि.स.) । मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटों के दौरान चुराचांदपुर, तेंगनौपाल और चंदेल जिलों में संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और सैन्य उपकरण बरामद किए गए और कुल 6 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए उग्रवादियों में केसीपी के चार, प्रीपाक (प्रो) का एक और सोरेपा का एक कैडर शामिल है।
केसीपी के चार कैडर गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के एंड्रो पार्किंग से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कार्यकर्ता ताओरेम तोमचौ मैतेई उर्फ पेना (45) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के तीन सक्रिय कैडर लीशांगथेम टंडन सिंह (34) उर्फ जॉन, लीशांगथेम आनंद सिंह (34) और हेइखम हेमचंद्र सिंह (41) उर्फ बोइनाओ को भी पकड़ा गया।
भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
गिरफ्तार कैडरों के पास से 2 एसएलआर राइफलें, 1 संशोधित .303 राइफल, 1 इंसास राइफल, 1 संशोधित .303 राइफल बाइपॉड सहित, 1 इंसास एलएमजी मैगज़ीन, 3 इंसास राइफल मैगज़ीन, 7.62 एसएलआर राइफल की 4 मैगज़ीन, 1 .303 राइफल मैगज़ीन, 27 .303 राइफल के कारतूस, 23 7.62 मिमी एसएलआर कारतूस, 14 राउंड एके रायफल कारतूस, 35 राउंड इंसास कारतूस, 3 मोबाइल फोन और 3 आधार कार्ड बरामद किए गए।
प्रीपाक (प्रो) और सोरेपा कैडर भी गिरफ्तार
थौबल जिले के थौबल थाना क्षेत्र से प्रीपाक (प्रो) का सक्रिय कार्यकर्ता थोंगब्रम टिकेन मैतेई (40) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सिम कार्ड सहित मोबाइल फोन जब्त किया गया। वहीं खोंगजोम थाना क्षेत्र से सोरेपा का सक्रिय कार्यकर्ता खोइनैजम भूमेश्वर सिंह (24) को पकड़ा गया। उसके पास से 1 9 मिमी ज़िंदा कारतूस, 2 .32 ज़िंदा कारतूस, 1 डमी बंदूक, 1 पिस्तौल होलस्टर, 1 मोबाइल फोन और 1 आधार कार्ड बरामद हुआ।
अन्य स्थानों से भी हथियार बरामद
कांगपोकपी ज़िले के मोनबंग रिज क्षेत्र से 4 सिंगल बैरल बंदूकें बरामद की गईं। न्यू कीथेलमनबी-थाना क्षेत्र के गमदई और एस. मोंगोई से 3 बोल्ट एक्शन राइफलें, तीन 9 मिमी पिस्तौल (खाली मैगज़ीन), चार 12 बोर ज़िंदा कारतूस, पांच 12 बोर खाली कारतूस, 1 वायरलेस हैंडहेल्ड सेट, 2 चार्जर और 2 बुलेटप्रूफ प्लेट मिलीं। ऐगेजांग क्षेत्र से 4 बोल्ट एक्शन राइफलें, दो 9 मिमी पिस्तौल मैगज़ीन सहित और पांच 12 बोर कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
सभी मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। सुरक्षा बलों का यह अभियान राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

















