अगर आपके वेतन से हर महीने PF की कटौती होती है लेकिन आपके पास उसका कोई मैसेज नहीं आता या आप अपना बैलेंस नहीं देख पाते, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने देश के करोड़ों खाताधारकों की इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए एक नया और आसान फीचर लॉन्च किया है-‘पासबुक लाइट’ ।
क्या है ‘पासबुक लाइट’- ‘पासबुक लाइट’ EPFO द्वारा शुरू किया गया एक नया डिजिटल इंटरफेस है, जिसके माध्यम से अब कोई भी यूजर बड़ी ही आसानी से और तेजी से अपने पीएफ अकाउंट की जानकारी प्राप्त कर सकता है। पहले EPFO की वेबसाइट पर लॉगिन करना थोड़ा पेचीदा होता था- यूजर को अपना UAN, पासवर्ड और कैप्चा भरना पड़ता था। लेकिन अब इस नए फीचर के तहत केवल UAN नंबर और मोबाइल पर आने वाला OTP डालकर ही पासबुक देखी जा सकती है।
EPFO ने क्यों शुरू किया यह फीचर- EPFO को यह समझ में आया कि बहुत सारे खाताधारक तकनीकी जानकारी की कमी, इंटरनेट की समस्या या लॉगिन प्रक्रिया की जटिलता के कारण अपने PF बैलेंस की जानकारी नहीं देख पाते। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को यह दिक्कत अधिक होती थी। ऐसे में EPFO ने एक आसान समाधान पेश किया है, ताकि हर व्यक्ति, चाहे वह तकनीक में पारंगत हो या नहीं, अपना पीएफ बैलेंस बिना परेशानी के देख सके।
यह भी पढ़ें- https://panchjanya.com/2025/09/01/432849/sci-tech/how-to-transfer-pf-online-from-one-company-to-another-epfo/
कैसे इस्तेमाल करें ‘पासबुक लाइट’- सबसे पहले EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं-www.epfindia.gov.in। वेबसाइट पर दिए गए ‘पासबुक लाइट’ सेक्शन पर क्लिक करें। अब आपको अपना UAN नंबर भरना होगा। इसके बाद, आपके UAN से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। उस OTP को दिए गए स्थान पर भरें और सबमिट करें। अब आपकी PF पासबुक स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसमें आपके खाते में जमा राशि, नियोक्ता की ओर से जमा राशि और ब्याज आदि की पूरी जानकारी होगी। EPFO के इस निर्णय से पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को अपने पैसे की जानकारी तुरंत मिल सकेगी। पहले कई लोग यह भी नहीं जान पाते थे कि उनका पीएफ कट रहा है या नहीं, और अगर कट रहा है तो कितना जमा हो रहा है। ऐसे में ‘पासबुक लाइट’ उन्हें सशक्त बनाएगा और वित्तीय पारदर्शिता को बढ़ावा देगा।














