नौकरी करने वाले अधिकतर लोग प्रोविडेंट फंड (PF) के बारे में जरूर जानते हैं। यह एक सरकारी योजना है, जिसे EPFO (Employees’ Provident Fund Organization) चलाता है। इस स्कीम का मकसद है लोगों को बचत की आदत डालना और भविष्य में उन्हें आर्थिक सुरक्षा देना, खासकर रिटायरमेंट के बाद या किसी इमरजेंसी में।
PF अकाउंट में पैसा कैसे जमा होता है- जब आप किसी कंपनी में नौकरी करते हैं, तो आपकी मासिक सैलरी का 12% हिस्सा PF अकाउंट में जमा होता है। इसके साथ ही, कंपनी भी आपकी सैलरी का 12% हिस्सा आपके PF अकाउंट में डालती है। इस तरह यह अकाउंट कर्मचारी और कंपनी के संयुक्त योगदान से तैयार होता है। यह पैसा लंबे समय तक जमा होता रहता है और रिटायरमेंट के समय या जरूरत के समय यह आपके बहुत काम आता है।आप अपने PF अकाउंट में जमा रकम को कुछ विशेष परिस्थितियों में रिटायरमेंट से पहले भी निकाल सकते हैं, जैसे- मेडिकल इमरजेंसी, घर की खरीद या निर्माण, बच्चों की पढ़ाई या शादी, नौकरी बदलने पर या बेरोजगारी की स्थिति में। जब आप PF का पैसा निकालते हैं, तो वह आपके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होता है, जो आपके PF अकाउंट से लिंक होता है। कई बार ऐसा होता है कि PF अकाउंट से जुड़ा बैंक अकाउंट बंद हो जाता है, बैंक की जानकारी बदल जाती है। ऐसे में जब आप PF का पैसा निकालने की कोशिश करते हैं, तो वह ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है और पैसा आपके पास नहीं आता। इन समस्याओं को देखते हुए EPFO ने अब PF अकाउंट से दो बैंक अकाउंट जोड़ने की सुविधा शुरू की है। इसका मतलब है कि अगर एक अकाउंट में दिक्कत आए, तो पैसा दूसरे एक्टिव अकाउंट में आ सके।
यह भी पढ़ें- https://panchjanya.com/2025/09/01/432849/sci-tech/how-to-transfer-pf-online-from-one-company-to-another-epfo/
कैसे जोड़ें दूसरा बैंक अकाउंट – सबसे पहले https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface/ पर जाएं। UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन के बाद ऊपर दिए गए ‘Manage’ टैब पर क्लिक करें। ड्रॉपडाउन मेनू में से ‘KYC’ ऑप्शन चुनें। यहां आपको अलग-अलग डॉक्युमेंट्स जोड़ने के ऑप्शन मिलेंगे, बैंक सेक्शन में जाकर अपना नया बैंक अकाउंट नंबर, IFSC कोड और अन्य जरूरी जानकारी भरें।जानकारी भरने के बाद, आपके मोबाइल पर OTP आएगा। OTP डालकर पुष्टि करें। आपकी जानकारी EPFO और बैंक से जांची जाएगी। जैसे ही वेरिफिकेशन पूरा होता है, आपका नया बैंक अकाउंट PF अकाउंट से लिंक हो जाएगा। जिस बैंक अकाउंट को आप जोड़ना चाहते हैं, उसका KYC पहले से पूरा होना जरूरी है। अकाउंट नंबर, IFSC कोड और अन्य जानकारी भरते समय ध्यान रखें कि कोई गलती न हो।














