आजकल सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग ‘Banana AI Saree Trend’ के नाम से जान रहे हैं। इसमें लोग अपनी सामान्य तस्वीरें अपलोड करते हैं और Google Gemini जैसे AI टूल की मदद से उन्हें साड़ी में बदला जाता है। ये तकनीक इतनी प्रभावशाली है कि वह व्यक्ति को परंपरागत भारतीय साड़ी पहनाकर उसकी नई तस्वीर बना देती है, जो देखने में काफी सुंदर लगती है।
हालांकि यह ट्रेंड मजेदार और क्रिएटिव लग सकता है लेकिन इसके पीछे कुछ खतरे भी छिपे हैं। हाल ही में एक महिला ने इंस्टाग्राम पर एक चौंकाने वाला अनुभव साझा किया। उसने भी यह AI साड़ी ट्रेंड अपनाया और अपनी फोटो को AI की मदद से साड़ी में बदला। लेकिन जब उसने बदली हुई फोटो देखी, तो उसमें कुछ ऐसा था जो उसकी असली फोटो में बिल्कुल नहीं था। AI ने उस महिला के शरीर के उस हिस्से पर एक तिल दिखा दिया, जो उसकी ओरिजिनल फोटो में दिखाई ही नहीं दे रहा था। महिला यह देखकर हैरान और घबरा गई कि AI को यह जानकारी कहां से मिली। उसने इसे एक डरावना अनुभव बताया और लोगों को चेतावनी दी कि बिना पूरी जानकारी के, सिर्फ मजे के लिए अपनी तस्वीरें AI टूल्स पर अपलोड करना खतरनाक हो सकता है।
AI टूल्स सिर्फ आपके द्वारा अपलोड की गई तस्वीर पर काम नहीं करते। वे आपकी डिजिटल हिस्ट्री, यानी इंटरनेट पर मौजूद आपकी पुरानी तस्वीरें, प्रोफाइल, सोशल मीडिया डेटा और पब्लिक डोमेन में उपलब्ध अन्य जानकारियों को भी स्कैन कर सकते हैं। इसी वजह से AI कुछ ऐसी चीजें भी जोड़ सकता है जो आपकी अपलोड की गई फोटो में दिख नहीं रही होतीं, लेकिन इंटरनेट पर आपके बारे में पहले से मौजूद होती हैं। इससे यह साफ होता है कि AI तकनीक बहुत शक्तिशाली है, लेकिन इसके साथ-साथ यह हमारी प्राइवेसी के लिए खतरा भी बन सकती है। कभी भी AI टूल पर फोटो अपलोड करने से पहले उसके नियम और शर्तें ध्यान से पढ़ें।

















