पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेनाओं के द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद का पूरा परिवार मारा गया था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के कमांडर का है। इस वीडियो में वो बता रहा है कि कैसे भारत की सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उनके ठिकाने पर हमला किया और मसूद अजहर के परिवार को बर्बाद कर दिया। मसूद अजहर तो वो नामी आतंकी है, जिसका नाम UN ने भी ब्लैकलिस्ट किया है।
वीडियो में क्या दिखा?
वीडियो में जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी उर्दू में बात करते हुए कहता है, “आतंकवाद को अपनाकर हमने दिल्ली, काबुल और कंधार के लिए लड़ाई लड़ी, इस देश की सीमाओं की रक्षा की। सब कुछ कुर्बान करने के बाद, 7 मई को बहावलपुर में मौलाना मसूद अजहर का परिवार भारतीय सेना ने तार-तार कर दिया।” बैकग्राउंड में बंदूकधारी सुरक्षाकर्मी घेरे हुए खड़े दिखते हैं। कश्मीरी कहता है कि भारत के हमले में मसूद अजहर का परिवार टुकड़ों-टुकड़ों में तक्सीम हो गया। रेजा-रेजा हो गया। कश्मीरी कहता है कि भारतीय फौज उनके हाइडआउट में घुस आई और हमला बोल दिया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मसूद अजहर ने खुद एक बयान जारी कर स्वीकार किया कि उसके 10 परिवारवाले मारे गए।
इसे भी पढ़ें: नजदीकियों के पीछे मजबूरियां तो नहीं! America-China के बीच ‘बहुत अच्छी’ Madrid वार्ता के अर्थ
मसूद अजहर कौन है और जैश का इतिहास
मसूद अजहर कोई साधारण बंदा नहीं। 2000 के दशक में उसने जैश-ए-मोहम्मद बनाया और कश्मीर में जिहाद का नारा दिया। पिछले 20 सालों में उसके संगठन ने भारत पर कई हमले किए – बम ब्लास्ट, हमले, सब कुछ। अजहर सालों से छिपा हुआ है, और पाकिस्तान की सरकार को भी उसकी लोकेशन नहीं पता। जून में पाकिस्तानी पॉलिटिशियन बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा, “अगर भारत बताए कि वो पाकिस्तानी धरती पर है, तो हम खुशी-खुशी गिरफ्तार कर लेंगे।” लेकिन ये सिर्फ बातें लगती हैं। बहावलपुर, जहां ये सब हुआ, पाकिस्तान का 12वां सबसे बड़ा शहर है। यहां जैश का मेन हेडक्वार्टर है, जमिया मस्जिद सुब्हान अल्लाह के नाम से जाना जाता है, जो उस्मान-ओ-अली कैंपस भी कहलाता है। लाहौर से करीब 400 किलोमीटर दूर, ये जगह चरमपंथियों का बड़ा हब है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सब कुछ तबाह
ये ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 सिविलियंस की हत्या के हमले के कुछ हफ्तों बाद हुआ। भारत ने रात भर में नौ ठिकानों पर सटीक हमले किए – पाकिस्तान और PoK में। जैश और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के गहरे नेटवर्क को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान ने भी माना कि नौ जगहें हिट हुईं – बहावलपुर, कोटली, मुरिदके जैसी। इनमें से बहावलपुर जैश का सेंटर था। 7 मई को हुए इस हमले ने अजहर के परिवार को चूर-चूर कर दिया। कमांडर का ये कबूलनामा दिखाता है कि भारत की कार्रवाई कितनी गहरी थी। अजहर का परिवार वहां रहता था, और हमले में 10 लोग मारे गए। ये सिर्फ सैन्य सफलता नहीं, बल्कि आतंक के खिलाफ एक मजबूत जवाब था।
अजहर ने माना था 10 की मौत हुई
मसूद अजहर का परिवार अब बिखर चुका है। पाक मीडिया रिपोर्ट्स कहती हैं कि अजहर ने खुद माना कि उसके 10 रिश्तेदारों की मौत हो गई। ये लोग बहावलपुर के ठिकाने पर थे, जहां भारतीय सेना ने घुसकर सब कुछ तबाह कर दिया। एक तरफ जहां आतंक का साम्राज्य चलाने वाले अजहर को ये झटका लगा, वहीं उसके घरवालों की जिंदगी उजड़ गई। कश्मीरी कमांडर के वीडियो से साफ है कि वो दर्द महसूस कर रहा है, लेकिन ये दर्द खुद की करनी का नतीजा लगता है।

















