नई दिल्ली । भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विज़न पर गहन मंथन के लिए दिनांक 15 सितंबर 2025 को राजधानी दिल्ली में ‘पाञ्चजन्य आधार इंफ्रा कॉन्फ्लुएंस 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। “Policy – Innovation – Implementation” थीम पर आधारित यह सम्मेलन द अशोक होटल, चाणक्यपुरी में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
इस भव्य आयोजन में राजनीति, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों की कई नामी हस्तियां शिरकत करेंगी। मुख्य अतिथि के तौर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रचार टोली सदस्य व वरिष्ठ प्रचारक मुकुल कानिटकर, अमृता अस्पताल फरीदाबाद के प्रशासनिक निदेशक स्वामी निजामृतानंद पुरी, एनसीआईएसएम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रघुराम भट्ट और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हेमंत जैन सहित कई प्रतिष्ठित वक्ता अपने विचार साझा करेंगे।
दिनभर चलने वाले इस कॉन्फ्लुएंस में कई सत्र होंगे। कार्यक्रम में “100 Years RSS” पुस्तक विमोचन, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की चुनौतियों, नवीकरणीय ऊर्जा, सड़क एवं जल संसाधन, और उद्योग के भविष्य पर पैनल चर्चाएं होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य है—‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नीति निर्माण, नवाचार और क्रियान्वयन पर ठोस रोडमैप तैयार करना। पाञ्चजन्य का यह प्रयास नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों और उद्योग जगत के नेताओं को एक मंच पर लाकर देश के इंफ्रास्ट्रक्चर भविष्य को नई दिशा देने की कोशिश करेगा।

















