आधार कार्ड आज के समय में भारत में पहचान का सबसे जरूरी दस्तावेज बन चुका है। किसी भी सरकारी या गैर-सरकारी काम के लिए आधार की जरूरत लगभग हर जगह पड़ती है। कई बार हमें इसकी सॉफ्ट कॉपी की जरूरत होती है, जैसे कि किसी फॉर्म को भरने, बैंकिंग कार्यों में या फिर डिजिटल सत्यापन के लिए।
अब तक अधिकतर लोग UIDAI की वेबसाइट या mAadhaar ऐप के माध्यम से आधार डाउनलोड करते थे लेकिन अब सरकार ने एक और बेहद सरल और सुविधाजनक तरीका उपलब्ध कराया है। अब आप सीधे व्हाट्सऐप के जरिए अपने आधार कार्ड को सुरक्षित तरीके से डाउनलोड कर सकते हैं। यह सेवा MyGov Helpdesk चैटबॉट के माध्यम से दी जा रही है। इस सुविधा की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको कोई अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है और न ही हर बार लॉगिन या ओटीपी की झंझट उठानी पड़ती है। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए जरूरी चीजें- आपका मोबाइल नंबर आपके आधार कार्ड से लिंक होना चाहिए। आपके पास एक DigiLocker खाता होना चाहिए। (यदि नहीं है, तो आप डिजिलॉकर की वेबसाइट या ऐप के माध्यम से बना सकते हैं।) आपको सरकार का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर अपने फोन में सेव करना होगा, MyGov Helpdesk WhatsApp नंबर: +91-9013151515।
यह भी पढ़ें- https://panchjanya.com/2025/09/10/434585/utility-news/your-aadhaar-card-is-real-or-fake-check-it-this-way/
आधार कार्ड डाउनलोड करने का आसान तरीका- अपने मोबाइल फोन में +91-9013151515 नंबर को ‘MyGov Helpdesk’ के नाम से सेव कर लें। अब व्हाट्सऐप खोलें और इस नंबर पर चैट शुरू करें। चैट बॉक्स में “Hi” या “Namaste” लिखें और भेजें। बॉट आपको कई विकल्प देगा। इनमें से आपको ‘DigiLocker Services’ को चुनना है। अब आपसे पूछा जाएगा कि क्या आपके पास DigiLocker खाता है। अगर नहीं है, तो आपको पहले DigiLocker पर अकाउंट बनाना होगा। यह प्रक्रिया आसान है और डिजिलॉकर की वेबसाइट या ऐप से पूरी की जा सकती है। अब आपसे आपका 12 अंकों का आधार नंबर मांगा जाएगा। उसे ध्यानपूर्वक दर्ज करें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा। इसे चैटबॉक्स में दर्ज करें। वेरिफिकेशन के बाद, बॉट आपके DigiLocker में सेव सभी दस्तावेजों की सूची दिखाएगा। सूची में से Aadhaar Card को पहचानें और उसे चुनने के लिए दिए गए नंबर को टाइप करें। कुछ ही सेकंड में आपका आधार कार्ड PDF फॉर्मेट में आपको व्हाट्सऐप पर मिल जाएगा। अब आप इसे डाउनलोड कर सकते हैं और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल कर सकते हैं।














