कर्नाटक के चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र की मुश्किलें बढ़ रही हैं। ईडी उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों की जांच कर रही है। 6 सितंबर 2025 को चल्लकेरे में उनके ठिकानों पर छापे में सोना, चांदी और करोड़ों की संपत्ति बरामद हुई।
ईडी ने विधायक के ठिकानों से 21.43 किलो सोने के बिस्किट, 10.98 किलो सोने की परत वाली चांदी और करीब 1 किलो के गहने जब्त किए। इनकी कुल कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कोई पहली बरामदगी नहीं है। इससे पहले हुई छापेमारियों और जब्तियों को मिलाकर इस पूरे केस में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति सामने आ चुकी है। ईडी की जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि विधायक वीरेंद्र और उनके साथियों ने ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया। उन्होंने King567, Raja567, Lion567, Play567 और Playwin567 जैसी वेबसाइटें बनाकर लाखों लोगों से करोड़ों रुपये वसूले। यह पैसा सीधा उनके खातों में नहीं डाला जाता था, बल्कि इसे पेमेंट गेटवे और फर्जी (म्यूल) बैंक खातों के जरिए इधर-उधर घुमाया जाता था, ताकि इसकी असली पहचान छुपी रहे। जांच एजेंसी के पास अब ऐसे ठोस सबूत हैं, जिनसे यह साफ हो गया है कि सारी कमाई अवैध थी और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए इसे सफेद दिखाने की कोशिश की गई।
काले धन से ऐशो-आराम की जिंदगी- जांच में यह भी सामने आया है कि विधायक और उनका परिवार इस काले धन का इस्तेमाल शाही जीवनशैली अपनाने में कर रहे थे। उन्होंने कई बार अंतरराष्ट्रीय यात्राएं कीं, जिनका खर्च इन्हीं पैसों से उठाया गया। साथ ही करोड़ों रुपये की लग्ज़री कारें भी खरीदी गईं। ईडी ने दस्तावेज़ों से यह भी पाया कि एक Mercedes-Benz कार “एबीएच इंफ्रास्ट्रक्चर” के नाम पर खरीदी गई थी। वहीं, एक Range Rover कार की फंडिंग “गुलशन खट्टर” नाम के व्यक्ति ने की थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह सारी संपत्ति अवैध रूप से अर्जित पैसों से खरीदी गई है और इन्हें भी जब्ती की कार्रवाई में शामिल किया जाएगा। इससे पहले, 4 सितंबर को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने विधायक वीरेंद्र की ईडी कस्टडी को 4 दिन और बढ़ा दिया था। अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों से साफ हुआ कि उन्होंने सट्टेबाज़ी से कमाए गए पैसों को वैध दिखाने के लिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग की। ईडी अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

















