प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी दिल्ली और गोवा में कई स्थानों पर छापेमारी के बाद की गई। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, बैंक धोखाधड़ी से जुड़े एक कथित मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) मामले में उनके शामिल होने के साक्ष्य मिले जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया। की गई है।
गौरतलब है कि दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी के गोवा के सह-प्रभारी हैं। ईडी के अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक कड़ी पूछताछ की और बाद में हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई के बाद दिल्ली से लेकर गोवा तक सियासी भूचाल आ गया क्योंकि अगले साल फरवरी में गोवा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
दिल्ली और गोवा में की गई छापेमारी
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय के दिल्ली जोनल ऑफिस-2 की टीमों ने सोमवार सुबह दिल्ली और गोवा में दीपक सिंगला से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। यह पूरी कार्रवाई एक पुराने बैंक लोन फ्रॉड और उससे जुड़े धन शोधन के आरोपों की जांच के सिलसिले में की गई थी।
यह पहली बार नहीं है जब दीपक सिंगला जांच एजेंसियों के राडार पर आए हैं। इससे पहले साल 2024 में भी ईडी ने इसी कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत उनके आवास पर छापेमारी की थी। सोमवार को घंटों चली छापेमारी और पूछताछ के बाद जब सिंगला एजेंसी के सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सके तो ईडी ने उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला किया।
केजरीवाल ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध
दीपक सिंगला की गिरफ्तारी की खबर आते ही आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गोवा में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होंगे। उनकी इस गिरफ्तारी को चुनाव से जोड़कर दिखा रही है आप और उनका आरोप है कि जैसा पश्चिम बंगाल में टीएमसी के साथ हुआ वैसी ही साजिश बीजेपी अब गोवा में भी करने जा रही है।
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए लिखा, ‘दीपक सिंगला को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया गया है कि उन्होंने कुछ गलत किया है। उन्हें इसलिए गिरफ्तार किया गया है क्योंकि वे भाजपा के खिलाफ काम कर रहे थे और उन्होंने भाजपा में शामिल होने से इनकार कर दिया। दीपक बहादुर हैं और देश के लिए लड़ रहे हैं।’
कौन हैं दीपक सिंगला?
दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता हैं। उन्होंने दिल्ली के विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र से साल 2020 और फिर 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में ‘आप’ के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वर्तमान में पार्टी ने उन्हें गोवा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने की अहम जिम्मेदारी सौंपी है इसलिए वह इन दिनों गोवा में पार्टी को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

















