नई दिल्ली: भारत को टैरिफ के नाम पर धमकाने वाले ट्रंप के सुर नरम पड़े हैं लेकिन पीटर नवारो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। वह लगातार टैरिफ को लेकर भारत को ‘गीदड़ भभकी’ दिए जा रहे हैं। एक तरफ, डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना अच्छा दोस्त और बेहतरीन पीएम बताकर, साबित करना चाहते हैं कि वह भारत के करीबी हैं। दूसरी ओर, उनके व्यापार सलाहकार पीटर नवारो बार-बार कह रहे हैं कि भारत को अमेरिका की बात माननी होगी। दरअसल, ट्रंप और नवारो भारत पर टैरिफ लगाने को लेकर अपने ही देश में घिरे हुए हैं, और आलोचनाओं को झेल रहे हैं। लेकिन, इसके बाद भी नवारो के तेवर नरम नहीं हो रहे।
नवारो की धमकी के क्या हैं मायने?
वाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो का कहना है कि भारत को कभी तो अमेरिका की बात माननी ही होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं हुआ, तो भारत के लिए अच्छा नहीं होगा। रियल अमेरिकाज वॉयस कार्यक्रम में नवारो ने कहा कि भारत को किसी न किसी समय अमेरिका के साथ व्यापार वार्ताओं पर सहमत होना ही पड़ेगा। ऐसा नहीं होता है तो नई दिल्ली रूस और चीन के साथ खड़ी नजर आएगी और यह भारत के लिए अच्छा नहीं होगा। दरअसल, नवारो इस बात से झल्लाए हुए हैं कि भारत आखिर अमेरिका के दबाव के आगे झुक क्यों नहीं रहा? दूसरी तरफ, चीन में रूस, भारत और चीन जैसी अर्थव्यवस्थाओं के साथ खड़े दिखने के बाद अमेरिका को यह साफ संदेश गया कि भारत ने उससे दूरी बना ली है। नवारो भी खुद अपने ही बयानों को लेकर अमेरिका में घिरे हुए हैं।

BRICS देशों पर भी नवारो ने बोला था तीखा हमला
इससे पहले नवारो भारत को टैरिफ का महाराज कह चुके हैं। उन्होंने BRICS देशों पर भी तीखा हमला बोला है और कहा कि इस समूह का कोई भी देश तब तक जीवित नहीं रह सकता जब तक वे अमेरिका को अपना माल नहीं बेचते। भारत के रूस से तेल खरीदने को लेकर नवारो हर दिन कुछ न कुछ अनगल बयान देते ही रहते हैं। उन्होंने इससे पहले कहा था कि अमेरिका के खिलाफ दुनिया के किसी भी बड़े देश में सबसे ऊंचे शुल्क भारत ही लगाता है। हमें इससे निपटना होगा। पीटर नवारो ने सोशल मीडिया साइट X पर भी हमला किया है। उन्होंने X की नीतियों को बकवास बताया है। उन्होंने भारत के रूसी तेल आयात की आलोचना भी दोहराई और इस व्यापार को “ब्लड मनी” बताया।
X ने खोली नवारो की पोल तो उस पर भी भड़के
दरअसल, सोशल मीडिया साइट X ने नवारो के दावों का फैक्ट चेक किया था। फैक्ट-चेकिंग में X ने दोहराया कि भारत का ऊर्जा व्यापार एक संप्रभु निर्णय है और अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में है। साथ ही नवारो के दावों को पाखंडी बताया था। इससे नवारो भड़क गये थे और उन्होंने X को ही निशाने पर ले लिया था। उन्होंने मस्क पर निशाना साधते हुए लिखा था कि वाह! एलन मस्क लोगों की पोस्ट में दुष्प्रचार को जगह दे रहे हैं। नीचे दिया गया घटिया नोट भी यही है।

ट्रंप मोदी को दोस्त बताकर व्यक्तिगत संबंधों का दे रहे हवाला, नवारो कर रहे हमला
ट्रंप ने पहले भारत को चीन के हाथों खोने की बात कही। फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अच्छा दोस्त बताया। मोदी ने ट्रंप की भावनाओं की तहे दिल से सराहना की और पूर्ण समर्थन की बात कही। एक ओर ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोस्त बता रहे हैं और व्यक्तिगत संबंधों का हवाला दे रहे हैं, दूसरी तरफ नवारो हमलावर हो रहे हैं। जबकि भारत साफ कह चुका है कि वो ट्रंप के टैरिफ धमकी के आगे झुकने वाला नहीं है।

















