मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप अकाउंट पर शुक्रवार (5 सितंबर) को 400 किलो विस्फोटक से कई धमाके करने की धमकी मिली है। पुलिस ने बताया है कि धमकी में दावा किया गया है कि शहर में 34 गाड़ियों में ‘ह्यूमन बम’ लगाए गए हैं। धमाके से पूरा मुंबई शहर हिल जाएगा। ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम के संगठन ने दावा किया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं। पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है और पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
34 मानव बम और 400 किलो RDX का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी मिली है। धमकी में दावा किया गया है कि शहर भर में 34 वाहनों में 34 ‘मानव बम’ लगाए गए हैं और विस्फोट से पूरी मुंबई दहल जाएगी। गणेश उत्सव के 10वें दिन अनंत चतुर्थी के लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बीच यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक धमकी भरा संदेश मिला। लश्कर-ए-जिहादी नामक संगठन होने का दावा करने वाले संगठन का कहना है कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं। धमकी भरे संदेश में आगे कहा गया है कि विस्फोट में 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इस धमकी के बाद पूरे मुंबई ही नहीं, पूरे राज्य को अलर्ट कर दिया गया है और प्रमुख स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्राइम ब्रांच ने धमकी की जांच शुरू कर दी है और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और अन्य एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है।
संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा कड़ी की गई
मुंबई में इस शनिवार (6 सिंतबर) को दस दिवसीय गणेश उत्सव के भव्य समापन की तैयारियों के बीच, पुलिस ने शहर की सड़कों पर उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अप्रिय घटना को रोकने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया है कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण उत्सव के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं।
लगातार मिल रहीं धमकियां
बता दें कि पिछले कुछ महीनों से मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार ऐसी धमकियां मिल रही हैं, जिसमें कभी रेलवे स्टेशन उड़ाने, तो कभी मंदिर को निशाना बनाने की बात कही गई है। हाल ही में ठाणे में एक शख्स को झूठा धमकी भरा कॉल करने पर गिरफ्तार भी किया गया था। 43 वर्षीय आरोपी रूपेश मधुकर रानपिसे ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके कहा था कि उसने कलवा रेलवे स्टेशन पर बम रखा है। इसी तरह अगस्त माह में गिरगांव के इस्कॉन मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी भरा ईमेल इस्कॉन मंदिर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया था, लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला। इसके अलावा जुलाई 2025 में मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा कॉल मिला, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (T2 टर्मिनल) पर बम विस्फोट की बात कही गई थी।

















