पंजाब में गैंगस्टरवाद अब पुलिस के लिए खतरनाक बनता जा रहा है। राज्य में खाकी डालना जान को खतरे में डालना होता जा रहा है। पंजाब के तरनतारन में रविवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने एएसआई इकबाल सिंह (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। वह फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात थे और ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ते में घेरकर बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, एएसआई इकबाल सिंह तरनतारन के नौशहरा पन्नूआं के रहने वाले थे। रविवार शाम करीब 7:30 बजे वह फिरोजपुर में ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जब वह नौशहरा से लोहका रोड स्थित पटवारखाने के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी पट्टी रवि शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल, हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के इलाकों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ज्ञात रहे कि पंजाब में इस तरह की हाल ही के महीनों में अनेक घटनाएं हो चुकी हैं।











