हमारी जिंदगी कई बार अनिश्चितताओं से भरी होती है। कभी-कभी ऐसा समय आ जाता है जब किसी इमरजेंसी के कारण अचानक यात्रा करनी पड़ती है। जैसे किसी अपने की तबीयत खराब हो जाए, कोई दुर्घटना हो जाए या फिर कोई और जरूरी कारण बन जाए। ऐसे समय में सबसे बड़ी चिंता होती है- सफर कैसे किया जाए, खासकर जब टिकट लेने का वक्त न हो। आमतौर पर ट्रेन में सफर करने के लिए पहले से टिकट लेना जरूरी होता है लेकिन अगर अचानक ऐसी स्थिति बन जाए कि टिकट लेना मुमकिन न हो, तो क्या बिना टिकट यात्रा की जा सकती है? इसका जवाब है- हां, कुछ खास शर्तों के साथ। चलिए आपको बताते हैं कि इमरजेंसी में बिना टिकट लिए भी कैसे वैध तरीके से ट्रेन में सफर किया जा सकता है।
प्लेटफॉर्म टिकट लेकर करें चढ़ाई, फिर मिलें टीटीई से- अगर आपके पास ट्रेन का रिजर्वेशन टिकट नहीं है और इमरजेंसी में तुरंत ट्रेन पकड़नी है, तो सबसे पहले स्टेशन पर जाकर प्लेटफॉर्म टिकट ले लीजिए। प्लेटफॉर्म टिकट से आप स्टेशन के भीतर प्रवेश कर सकते हैं और ट्रेन में चढ़ सकते हैं। लेकिन ये याद रखें कि ट्रेन में चढ़ने के बाद आपको तुरंत टीटीई (TTE) से मिलना होगा। उन्हें अपनी इमरजेंसी की स्थिति साफ-साफ बतानी होगी। इसके बाद टीटीई आपकी मंजिल तक का पूरा किराया लेगा। साथ ही थोड़ा सा जुर्माना भी जोड़ेगा फिर वह मौके पर ही आपका टिकट बना देगा। इससे आपकी यात्रा वैध हो जाएगी और आप आगे बिना किसी डर के सफर कर पाएंगे। लेकिन इस सुविधा का दुरुपयोग न करें। अगर आप जानबूझकर झूठ बोलकर ऐसा करते हैं और पकड़े जाते हैं, तो आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।
जनरल टिकट भी है बेहतर विकल्प- अगर आप रिजर्वेशन नहीं कर पाए हैंलेकिन आपके पास कुछ समय है, तो आप जनरल टिकट ले सकते हैं। जनरल टिकट से आप ट्रेन के अनारक्षित डिब्बे (जनरल कोच) में यात्रा कर सकते हैं। जनरल टिकट स्टेशन के टिकट काउंटर से लिया जा सकता है। इसके अलावा रेलवे का UTS मोबाइल ऐप भी है, जिससे आप ऑनलाइन जनरल टिकट खरीद सकते हैं। इस टिकट पर आप बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकते हैं। इसमें कोई पेनल्टी नहीं लगती, क्योंकि ये वैध टिकट होता है। बस इतना ध्यान रखें कि जनरल कोच में भीड़ ज्यादा होती है, और लंबी दूरी की यात्रा में आराम थोड़ा कम हो सकता है। लेकिन इमरजेंसी में यह एक सुरक्षित और सस्ता विकल्प होता है।
स्पेशल कोटा और तत्काल टिकट का भी ध्यान रखें- रेलवे कुछ सीटें इमरजेंसी के लिए तत्काल कोटा और इमरजेंसी कोटा में रिजर्व रखता है। अगर आपको कुछ घंटे पहले ही सफर करना है, तो आप स्टेशन या IRCTC वेबसाइट/app पर जाकर तत्काल टिकट चेक कर सकते हैं। हो सकता है कि आपको सीट मिल जाए। बिना टिकट यात्रा करना अपराध है लेकिन इमरजेंसी में नियमों के तहत टीटीई से संपर्क करके वैध यात्रा की जा सकती है। अगर आप जानबूझकर बिना टिकट पकड़े गए, तो भारी जुर्माना या जेल तक हो सकती है। प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ट्रेन में चढ़ना केवल इमरजेंसी में ही करें। टीटीई के साथ सज्जन व्यवहार करें और अपनी स्थिति साफ-साफ बताएं।

















