प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (मंगलवार) बिहार में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस मौके पर बीते दिनों विपक्षियों के द्वारा उनकी मां को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर भी जबाव दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मां ही तो हमारा संसार होती है…मां ही हमारा स्वाभिमान होती है।
दिवंगत मां पर की गई टिप्पणी से आहत प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस समृद्ध परंपरा वाले बिहार में कुछ दिनों पहले जो हुआ उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी। बिहार में आरजेडी-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है, ये देश की मां-बहन-बेटी का अपमान है। मुझे पता है कि आप सबको भी, बिहार की हर माँ को ये देख-सुनकर कितना बुरा लगा है! मैं जानता हूँ, इसकी जितनी पीड़ा मेरे दिल में है, उतनी ही तकलीफ मेरे बिहार के लोगों को भी है।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि 27 अगस्त 2025 को दरभंगा के बिठौली गांव में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के मंच से कुछ लोगों ने पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं। एक वायरल वीडियो में दिखा कि मंच पर कांग्रेस के झंडे लहराते हुए कुछ कार्यकर्ता आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव वहां मौजूद नहीं थे, क्योंकि वे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो चुके थे। बीजेपी ने इस घटना को कांग्रेस और राजद की हताशा का नतीजा बताया।
बीजेपी का गुस्सा और कानूनी कार्रवाई
बीजेपी ने इस घटना की कड़ी निंदा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे “लोकतंत्र पर धब्बा” करार देते हुए राहुल गांधी से माफी की मांग की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है। दरभंगा पुलिस ने शिकायत के आधार पर 20 साल के मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार किया।
वहीं घटना के बाद बड़ी ही चालाकी से कांग्रेस ने इस घटना से खुद को अलग करते हुए कहा कि वह ऐसी भाषा का समर्थन नहीं करती। पार्टी के नेता राशिद अल्वी ने इसे निंदनीय बताया। स्थानीय कांग्रेस नेता नौशाद, जिन्होंने कार्यक्रम आयोजित किया था, ने माफी मांगी और दावा किया कि यह विपक्ष की साजिश हो सकती है।

















