चमोली जिले के थराली में कल रात आई बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने प्रकल्प उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति के माध्यम से थराली में आपदा प्रभावित लोगों के लिए दो ट्रक राशन किट व अन्य सामग्री भेजी है। प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी, महापौर शंभू पासवान की उपस्थिति में इन वाहनों को ऋषिकेश से रवाना किया गया।
यह राहत सामग्री समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा स्वेच्छा से दी गई है। डॉ. शैलेन्द्र ने बताया कि स्वयंसेवक अन्य स्थानों से भी राहत सामग्री एकत्रित कर रहे हैं और इसे उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति के माध्यम से धराली, थराली, हर्षिल एवं अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। अब तक दस ट्रक सामग्री भेजी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि राशन के अलावा दवाइयाँ, प्लास्टिक शीट, कंबल, कपड़े, नई चादरें आदि भी भेजी जा रही हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में संघ के स्वयंसेवकों द्वारा प्रशासन के साथ समन्वय करके ज़रूरतमंदों तक यह मदद पहुँचाई जा रही है। डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि रात में बादल फटने की घटना से थराली में सरस्वती शिशु मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है, अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। हमारी सर्वेक्षण टीम क्षति का आकलन कर रही है। हमने जिला प्रशासन से आवश्यक वस्तुओं की सूची भी मांगी है।

















