हर दिन देश के करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं। पहले रेलवे से जुड़ी बहुत-सी चीजें करना मुश्किल होता था जैसे कि टिकट बुक कराना या प्लेटफॉर्म टिकट लेना। पहले लंबी कतारों में लगना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत लगती थी लेकिन अब तकनीक से यह काम आसान हो गया है। अब मोबाइल ऐप्स की मदद से आप रेलवे से जुड़ी कई सेवाओं का फायदा घर बैठे ही ले सकते हैं। ये ऐप्स न सिर्फ रिजर्वेशन टिकट बल्कि प्लेटफॉर्म टिकट, लोकल ट्रेन टिकट, पास रिन्यूअल और टिकट कैंसलेशन जैसी सुविधाएं भी देती हैं।
प्लेटफॉर्म टिकट लेना अब आसान- अगर आप किसी को स्टेशन छोड़ने जा रहे हैं तो अब प्लेटफॉर्म टिकट के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। इंडियन रेलवे के UTS ऐप से आप मोबाइल पर ही आसानी से प्लेटफॉर्म टिकट ले सकते हैं। यह ऐप भारतीय रेलवे की आधिकारिक ऐप है और पूरी तरह से सुरक्षित है। इसके जरिए आप मोबाइल से ही टिकट बुक कर सकते हैं, और सीधे प्लेटफॉर्म में प्रवेश कर सकते हैं।
टिकट बुक करने का तरीका- सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में UTS ऐप डाउनलोड करें। यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों पर उपलब्ध है। ऐप खोलने के बाद आपको रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए मोबाइल नंबर और कुछ बेसिक जानकारी देनी होती है। लॉगिन करने के बाद ऐप में “Book Ticket” का ऑप्शन मिलेगा। यहां आप Platform Ticket चुनें। अब आपको स्टेशन का नाम डालना है, और कितने टिकट चाहिए, वह संख्या भरनी है। इसके बाद पेमेंट का ऑप्शन आएगा। आप डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, UPI या मोबाइल वॉलेट से भुगतान कर सकते हैं। पेमेंट पूरा होते ही आपके मोबाइल पर ई-टिकट आ जाएगा। इसे दिखाकर आप स्टेशन में प्रवेश कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें-
Ayushman Card: आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद इलाज से इनकार, ऐसे करें अस्पताल की शिकायत
कितना खर्च होता है- एक प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत सिर्फ 10 रुपये है। यह भुगतान आप ऑनलाइन करते हैं और आपको पेपर टिकट की जरूरत नहीं पड़ती। UTS ऐप की खास बात यह है कि इससे आप सिर्फ प्लेटफॉर्म टिकट ही नहीं, बल्कि लोकल और जनरल ट्रेन टिकट भी खरीद सकते हैं। यानी अगर आप रोज़ लोकल ट्रेन से सफर करते हैं, तो आप इसके जरिए अपनी डेली टिकट या सीजन पास भी रिन्यू कर सकते हैं। अगर किसी कारणवश आपकी यात्रा रद्द हो जाती है, तो इस ऐप से टिकट कैंसिल करना भी संभव है। इससे आपको स्टेशन जाकर काउंटर पर समय खराब नहीं करना पड़ता।

















