नई दिल्ली: विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया। रेड्डी ने राज्यसभा महासचिव के समक्ष नामांकन पत्रों के चार सेट जमा किए। करीब 160 सांसदों ने प्रस्तावक और समर्थक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं। निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन दस्तावेजों की जांच की और रेड्डी को एक पावती पर्ची सौंपी।
इस दौरान राकांपा (सपा) प्रमुख शरद पवार, सपा नेता रामगोपाल यादव, द्रमुक के तिरुचि शिवा, तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत और माकपा के जॉन ब्रिटास उपस्थित रहे।
9 सितंबर को है उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव
उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की तारीख 9 सितंबर तय की गई है। बी. सुदर्शन रेड्डी सुप्रीम कोर्ट कोर्ट के पूर्व जज हैं। वहीं, एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन चार दशक से सक्रिय राजनीति में हैं। वह 16 साल की उम्र से संघ से जुड़ गये थे। दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से आते हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी अपना वोट डालने के पात्र होते हैं।
निर्वाचक मंडल की प्रभावी संख्या 781 है और बहुमत का आंकड़ा 391 है। एनडीए को कम से कम 422 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। सीपी राधाकृष्णन पहले ही अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपना पर्चा दाखिल किया है। इस दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, किरण रिजिजू, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके पहले प्रस्तावक बने।

















