गुजरात में अमदाबाद के सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट स्कूल में मंगलवार (19 अगस्त) को झगड़े के दौरान आठवीं के लड़के ने दसवीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार (20 अगस्त) को उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजन सिंधी समुदाय के सदस्यों और अन्य अभिभावकों के साथ स्कूल के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने आरोपी, स्कूल के प्रिंसिपल और मैनेजमेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। छात्र की मौत से आहत भीड़ ने स्कूल परिसर में हंगामा भी किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है स्कूल और अस्पताल के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक छात्र सिंधी, आरोपी मुस्लिम समुदाय का
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना अमदाबाद के खोखरा स्थित सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट स्कूल की है। मृतक छात्र सिंधी समुदाय से था, जबकि आरोपी मुस्लिम समुदाय से है, जिसकी वजह से सांप्रदायिक तनाव फैल गया। यहां दसवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र पर मंगलवार को आठवीं में पढ़ने वाले लड़के ने चाकू से हमला कर दिया। छात्र की मौत से अभिभावकों में काफी गुस्सा है। आक्रोशित अभिभावकों, सिंधी समुदाय के लोगों, हिंदू संगठन और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने स्कूल में हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे एक अभिभावक ने बताया कि दोनों छात्रों के बीच नॉनवेज को लेकर झगड़ा हुआ था।
पिछले दो साल से स्कूल में हो रहीं ऐसी घटनाएं
एक अभिभावक का आरोप है कि लड़कों के बैग में पहले भी चाकू और मोबाइल फोन मिले हैं। पिछले दो साल में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने स्कूल प्रशासन से इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मैंने दो बार शिकायत भी की है। लड़के स्कूल बस में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। लड़कियों को गंदे-गंदे इशारे करते हैं। उनके साथ छेड़छाड़ भी की जाती है। लड़कों के बैग में चाकू और मोबाइल फोन भी मिले हैं। कुछ दिन पहले, एक लड़का कंप्यूटर रूम में पोर्न साइट्स देखते हुए पकड़ा गया था। प्रशासन क्या कर रहा है? मैंने प्रशासन से कार्रवाई करने को कहा, लेकिन उन्होंने इसे हल्के में लिया। सिर्फ अभिभावकों को बुलाकर छात्र से लिखित में माफी मंगवाई और उन्हें जाने दिया।
अपराधी को दंडित किया जाएगा
गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने छात्र की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “अहमदाबाद के सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट में कक्षा 10 के छात्र की एक अन्य छात्र ने चाकू मारकर हत्या कर दी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सभ्य समाज के लिए एक खतरे की घंटी है। बच्चे अब अपराध में पड़ गए हैं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा, “डीसीपी और शिक्षा विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। इस मामले की जांच की जा रही है। शिक्षा विभाग इस मामले का अध्ययन करेगा। बच्चों के खिलाफ अपराध में वृद्धि सभ्य समाज के लिए अच्छी बात नहीं है। यह निंदनीय है। अपराधी को दंडित किया जाएगा, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मैं लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। बच्चों को खतरनाक खेलों और सोशल मीडिया से दूर रखें। सोशल मीडिया और अपराध संबंधी खेल बच्चों को प्रभावित करते हैं।”

















