घर वापसी: रायबरेली जिले के सलोन क्षेत्र में सन्नो बानो नामक मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक अमित पासी के साथ विवाह करने से पहले इस्लाम मत त्याग कर हिंदू धर्म अपनाया और अपना नया नाम सोनाली पासी रखा। विवाह की सभी धार्मिक रस्में एक मंदिर में पूरी की गईं, जिसमें परिजन और हिंदू संगठनों के लोग भी उपस्थित रहे।
सलोन क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी अमित पासी और सन्नो बानो के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध चल रहे थे। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे लेकिन विवाह में बाधा आ रही थी। हालांकि दोनों ने अपने प्रेम को जीवनसाथी के रूप में आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। इसके लिए सन्नो बानो ने स्वयं निर्णय लेकर इस्लाम मत छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने का कदम उठाया। सन्नो बानो ने सलोन क्षेत्र के प्रसिद्ध माता मिढ़ुरिन मंदिर में विधिवत रूप से हिंदू धर्म अपनाया। कन्वर्जन के बाद उन्होंने अपना नाम सोनाली पासी रखा। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर परिसर में ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
यह भी पढ़ें-
घर वापसी: कृष्ण जन्माष्टमी पर मुस्लिम युवक ने अपनाया सनातन धर्म, रखा गया नया नाम “कृष्णा”
यह विवाह पूरी तरह से पारंपरिक हिंदू रीति से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर वर अमित पासी के माता-पिता – पिता श्रीपाल, माता ममता, और भाई सुशील पासी मौजूद रहे। विवाह समारोह में हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। संगठन के जिला संयोजक जितेंद्र सिंह, सलोन इकाई के कार्यकर्ता राबिन साहू, लाली सरदार, और विकास कौशल सहित कई अन्य लोग विवाह के साक्षी बने। हिंदू युवा वाहिनी ने सोनाली पासी का सनातन धर्म में स्वागत किया और उनके इस निर्णय को सराहा। कन्वर्जन और विवाह के बाद सोनाली पासी ने अपनी खुशी और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने स्वेच्छा से लिया।
















