पंजाब में पुलिस ने एक ही दिन में दो स्थानों से बम बरामद किए हैं, जालंधर के बाद सीमावर्ती क्षेत्र खडूर साहिब में एक बंद पड़ी फैक्ट्री से बम बरामद हुआ है। लगता है कि पंजाब में आतंकवाद फैलाने के कुप्रयास तेज हो गए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
खडूर साहिब में फैक्ट्री से बरामद बम
जालंधर के बाद आज मंगलवार को खडूर साहिब के गांव ठरु स्थित वर्षों से वीरान पड़ी केमिकल फैक्टरी से हैंड ग्रेनेड मिला है। समझा जा रहा है कि इसको कुछ दिन पहले ही यहां रखा गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा और हैंड ग्रेनेड को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वीरान फैक्ट्री का इतिहास
जिला तरनतारन के गांव ठरु स्थित चौधरी फलौर मिल के साथ वाले प्लाट में करीब 15 वर्ष पहले अमृतसर के उद्योगपति द्वारा केमिकल फैक्ट्री लगाई गई थी। जो बाद में बंद हो गई। फैक्ट्री परिसर में वर्षों से एक कंडम ट्रक खड़ा है।
फैक्ट्री कर्मियों को मिला ग्रेनेड
साथ लगती चौधरी फलौर मिल के कर्मियों ने सफाई करने के बाद कूड़ा कर्कट फेंकने के लिए उक्त खाली प्लाट पर आए थे। कंडम हालत में खड़े ट्रक के साथ प्लास्टिक के बैग में उन्होंने बमनुमा वस्तु देखी। फैक्ट्री कर्मी जतिंदर सिंह, हरपाल सिंह, मुकेश कुमार, बिक्रम सिंह ने फैक्टरी मालिक हेमंत कुमार को सूचित किया। हेमंत कुमार ने जब पुलिस को सूचित किया तो थाना सिटी प्रभारी रंजीत सिंह, एएसआइ गुरप्रीत सिंह पहुंचे।
प्लास्टिक बैग से बरामद हरा हैंड ग्रेनेड
इतनी देर में पता चला कि प्लास्टिक के उक्त बैग में हरे रंग का हैंड ग्रेनेड है, जिस पर बकायदा पिन लगी है। समझा जा रहा है कि पंजाब में गड़बड़ी करवाने के उद्देश्य से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा ड्रोन के माध्यम से उक्त हैंड ग्रेनेड भेजा गया था।
एसएसपी का बयान और पुलिस कार्रवाई
एसएसपी दीपक पारिक का कहना है कि बम रोधक टीम ने मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड अपने कब्जे में ले लिया है। थाना सिटी में केस दर्ज करके पैरवाई की जा रही है।

















