हर दिन लाखों लोग भारतीय रेल से यात्रा करते हैं। यह संख्या त्योहारों के समय और भी बढ़ जाती है। उस समय यात्रियों को टिकट बुक करने में काफी परेशानी होती है। कहीं सीट नहीं मिलती तो कहीं वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी हो जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे एक नई सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिसका नाम है- “राउंड ट्रिप पैकेज”। यह सुविधा खास उन यात्रियों के लिए है जो पहले से अपनी आने और जाने की यात्रा की योजना बना लेते हैं। इस सुविधा के तहत, यदि कोई यात्री एक साथ आने और जाने की टिकट बुक करता है, तो रेलवे उसे किराए में 20% की छूट देगा। यानी कुल किराए में सीधे 20% की बचत होगी।
क्यों लाई जा रही है यह सुविधा- रेलवे का कहना है कि त्योहारों के समय बहुत भीड़ होती है और ज्यादातर लोग टिकट बुक करने में देरी कर देते हैं। इससे न तो यात्रियों को सीट मिलती है और न ही रेलवे को सफर करने वालों का अंदाज़ा होता है। लेकिन अगर यात्री पहले से ही अपनी यात्रा की योजना बना लें और आने-जाने की टिकट एक साथ बुक कर लें, तो रेलवे बेहतर योजना बना सकेगा। इससे ट्रेनें भी ठीक से भरेंगी और यात्रियों को परेशानी भी नहीं होगी।
कब से शुरू होगी यह योजना- रेलवे इस सुविधा को 14 अगस्त 2025 से प्रयोग के तौर पर शुरू कर रहा है। इसका मतलब है कि पहले यह योजना कुछ समय के लिए चलाई जाएगी ताकि रेलवे यह देख सके कि यह कितनी सफल है।
यदि यात्रियों को इससे फायदा मिलता है और फीडबैक सकारात्मक रहती है, तो यह योजना आगे चलकर पूरे देश में लागू कर दी जाएगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए कुछ तारीखें तय की गई हैं- 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच, 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच। यानि अगर आपकी यात्रा इन तारीखों के बीच में है और आप दोनों टिकट एक साथ बुक करते हैं, तभी आपको यह 20% छूट मिलेगी।
यह भी पढ़ें-
IRCTC Update: तत्काल टिकट चाहिए? पहले करें आधार KYC और OTP वेरिफिकेशन, जानें नया नियम
इस योजना का लाभ उठाने के लिए जरूरी नियम- रेलवे ने इस सुविधा के साथ कुछ शर्तें भी रखी हैं। इन नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है, वरना छूट नहीं मिलेगी। दोनों टिकट एक ही यात्री के नाम पर होनी चाहिए। यदि आने और जाने की टिकट अलग-अलग नाम से हैं, तो छूट नहीं मिलेगी। दोनों टिकट कंफर्म होनी चाहिए। वेटिंग टिकट पर यह सुविधा नहीं मिलेगी। मतलब, टिकट में आपकी सीट पक्की होनी चाहिए। टिकट रद्द करने पर कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा। यदि आपने टिकट कैंसिल की, तो कोई रिफंड नहीं मिलेगा। इसलिए सोच-समझकर बुकिंग करें। इस बुकिंग पर कोई अन्य ऑफर या छूट नहीं मिलेगी। यानी रेलवे की किसी दूसरी स्कीम का लाभ इस टिकट के साथ नहीं मिलेगा। आने और जाने की टिकट एक ही समय पर और एक ही माध्यम (जैसे IRCTC वेबसाइट या रेलवे काउंटर) से बुक करनी होगी। यदि आप एक टिकट ऑनलाइन और दूसरी काउंटर से बुक करते हैं, तो यह सुविधा लागू नहीं होगी।















