अमेरिका के साथ व्यापारिक तनाव के माहौल में अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द भारत आने वाले हैं। इस बात की पुष्टि मॉस्को में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने की है। उन्होंने कहा- कि राष्ट्रपति पुतिन भारत का दौरा करेंगे। लेकिन अभी उनके आने की तारीख कन्फर्म नहीं है। उधर, विदेश मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि पुतिन के आने की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
बता दें कि रूसी समाचार एजेंसी इंटरफैक्स ने यह रिपोर्ट दी थी कि पुतिन अगस्त 2025 के अंत में भारत पहुंचेंगे। हालांकि बाद में एजेंसी ने अपनी खबर को संशोधित करते हुए यह स्पष्ट किया कि यह दौरा बाद में होगा।
बता दें कि यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक तनाव तेज़ हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के चलते भारत पर टैरिफ बढ़ाकर 50% तक कर दिया है। वहीं जानकारों की मने तो पुतिन के संभावित दौरे को भारत और रूस के बीच रणनीतिक रिश्तों को नई मजबूती देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, खासकर ऐसे वक्त में जब पश्चिमी देशों के साथ रूस के रिश्तों में खटास बनी हुई है।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ से महीनों से जारी उठापटक का आर्थिक असर साफ दिख रहा है। देश की डगमगा रही अर्थव्यवस्था के बीच 60 से अधिक देशों और यूरोपीय संघ पर आयात पर राष्ट्रपति की निर्धारित की गई टैरिफ (शुल्क) दर आज से प्रभावी हो गई। इसी के साथ भारत से आयात पर घोषित 25 प्रतिशत शुल्क का पहला चरण भी प्रभावी हो गया।
















