पंजाब के गुरदासपुर जिले के हरगोबिंदपुर साहिब से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही 14 वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या कर दी। बेटे का अपराध बस इतना था कि वह अपनी मां को गलत कामों से रोकता था।
12 साल बाद घटना का खुलासा
यह वारदात साल 2014 की है। आज पुलिस ने 12 साल बाद इस सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी मां रणजीत कौर और उसके प्रेमी सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना स्थल से मृतक का कंकाल भी जेसीबी से खोदकर बरामद किया।
बटाला पुलिस की बड़ी सफलता
बटाला पुलिस ने इस अनसुलझे कत्ल को 12 साल बाद सुलझाने में सफलता हासिल की। जानकारी के मुताबिक, 12 साल तक मृतक की मां अपने प्रेमी के साथ फरार रहकर अलग-अलग राज्यों में छिपी रही। कुछ दिन पहले प्रेमी सतनाम सिंह गांव लौटा और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सख्ती से पूछताछ के बाद उसने मां की लोकेशन बताई, जिसके बाद पुलिस ने रणजीत कौर को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया।
तफ्तीश और भगोड़ा करार
इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को करीब 11 साल पहले भगौड़ा करार दिया था। एसएसपी सुहेल कासिम मीर के नेतृत्व में चलाई गई मुहिम के तहत एसपी इंवेस्टीगेशन गुरप्रताप सिंह और डीएसपी हरीश बहल की देखरेख में थाना श्री हरगोबिंदपुर इंचार्ज एसआई सुखविंदर सिंह और अन्य टीम ने यह सफलता पाई।
कैसे हुई थी वारदात
20 अप्रैल 2014 को संदीप सिंह उर्फ जगदीप सिंह (14) के गुम होने की शिकायत उसके ताया हरजीत सिंह ने दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मृतक की मां रणजीत कौर के गांव के ही सतनाम सिंह से अवैध संबंध थे और संदीप इसका विरोध करता था। इसी वजह से रणजीत कौर और सतनाम सिंह ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को अपने घर में ही दबा दिया गया।
बरामद हुआ कंकाल
पुलिस ने नायब तहसीलदार, डीएसपी और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में खुदाई कराई। तीन फीट नीचे से मृतक का कंकाल बरामद हुआ। पूरी कार्रवाई मजिस्ट्रेट की देखरेख में हुई।
फरारी के 12 साल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पति की मौत के बाद रणजीत कौर ने सतनाम सिंह से संबंध बनाए। संदीप को रास्ते का रोड़ा मानकर दोनों ने उसकी हत्या कर दी और पिछले 12 सालों से राजस्थान और यूपी सहित कई राज्यों में छिपकर रह रहे थे। सतनाम मजदूरी करता था, जिससे उनका गुजर-बसर चलता रहा।
गुप्तचर की सूचना से टूटी गुत्थी
हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि सतनाम सिंह गांव आया हुआ है। जैसे ही वह गांव पहुंचा, पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रणजीत कौर को भी पकड़ लिया गया और पूरा मामला उजागर हो गया।
















