शामली के थानाभवन इलाके के गांव मंटी हसनपुर में एक मुस्लिम दो साल से शनि मंदिर में हिंदू बनकर रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। उसका नाम इमामुद्दीन अंसारी है और उम्र 55 साल है। वह पिछले दो साल से यहां के शनि मंदिर में बाबा बंगाली उर्फ बालकनाथ के नाम से रह रहा था।
आरोपी के पास हैं 3 आधार कार्ड, दो में मुस्लिम नाम अंकित
उसके पास से तीन आधार कार्ड व पैनकार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि आरोपी के कब्जे से तीन आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद हुए हैं। एक आधार कार्ड पर उसका नाम और पता बंगाली नाथ केयरऑफ कमलनाथ निवासी शाकंभरी रोड पानी की टंकी लक्ष्मी नारायण मंदिर सहारनपुर अंकित है। अन्य अन्य दो आधार कार्ड और पैन कार्ड पर इमामुद्दीन अंसारी निवासी कस्बा व थाना काल चीनी जिला अलीपुरद्वार पश्चिमी बंगाल लिखा हुआ पाया गया।

हिंदू संगठनों ने जताया रोष, सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इमामुद्दीन अंसारी के आधार कार्ड पर लिखे पते का सत्यापन करने और उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना कर दी गई है। पुलिस अब यह जांच करेगी कि पश्चिम बंगाल में आरोपी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज तो नहीं है। इसके अलावा पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि उसने आधार कार्ड में अपना नाम कहां पर और किस तरह से बदलवाया। आधार कार्ड में नाम बदलवाने में कौन लोग शामिल रहें। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों में रोष है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विहिप ने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

















