Bihar Voter List 2025: बिहार में मतदाता सूची 1 सितंबर के बाद फाइनल हो जाएगी। 1 अगस्त यानी कल मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा। अगर किसी वोटर का नाम छूट गया है या मृत वोटर का नाम मतदाता सूची में जुड़ गया है, तो आपत्ति के माध्यम से उसमें सुधार करवा सकते हैं। इसके लिए बकायदा समय दिया गया है। यह समय शनिवार 2 अगस्त से शुरू होगा। अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो आप आसपास लग रहे कैंपों में जाकर आपत्ति दर्ज कराकर, उसे सुधरवा सकते हैं। आप अपना नाम भी सूची में देख सकते हैं। 1 अगस्त को जारी हो रहे वोटर लिस्ट प्रारूप में आपका नाम है या नहीं, ये देखने के लिए आप वेब ब्राउजर में इस लिंक से सर्च करें- https://voters.eci.gov.in/home/enumFormTrack#
2 अगस्त से ऐसे दर्ज करें आपत्ति? मतदाता सूची में सुधरवाएं जानकारी
मतदाता सूची में आपका नाम ठीक है या नहीं है यह देखने के लिए आपके पास आज और कल का समय है। अगर कल यानी 1 अगस्त को जारी होने वाले वोटर लिस्ट प्रारूप में आपका या आपके रिश्तेदारों का नाम नहीं दिखता है, तो आप आसपास प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय या शहरी निकाय कार्यालय (कार्यपालक पदाधिकारी का कार्यालय, नगर पंचायत, नगर परिषद् एवं नगर निगम अंचल कार्यालय) में जाकर उसे सुधरवा सकते हैं। इन्हीं जगहों पर 2
अगस्त से निर्वाचन आयोग का सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कैंप लगेगा।

1 सितंबर तक रविवार को भी खुला रहेगा निर्वाचन आयोग का कैंप
निर्वाचन आयोग का यह कैंप 2 अगस्त से 1 सितंबर तक चलेगा। रविवार के दिन भी कैंप खुला रहेगा। अगर आपको मतदाता सूची में अपना नाम गायब दिखे तो आप यहां दावा या आपत्ति कर सकते हैं। इसके साथ ही जो व्यक्ति पहली बार वोटर बन रहे हैं, यानी बालिक हो रहे हैं, वो मतदाता सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म 6 भी यहीं आकर भर सकते हैं।
बिहार में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision Bihar) के दौरान 24 जुलाई तक 7.89 करोड़ मतदाताओं में से करीब 7.24 करोड़ मतदाताओं ने अपने गणना फार्म जमा कर दिए थे। इनमें 5.7 करोड़ मतदाताओं ने अपने मोबाइल नंबर रजिस्टर कराए थे। चुनाव आयोग का कहना था कि 1 अगस्त को मतदाता प्रारूप प्रकाशन से पहले 7.24 करोड़ मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज्ड हो जाएंगे। आयोग ने फॉर्म ना भरने वालों, मृतकों व स्थायी रूप से प्रवास कर चुके मतदाताओं की सूची सभी 12 राजनीतिक दलों को 20 जुलाई को साझा की थी ताकि किसी भी त्रुटि को 1 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में सुधार के लिए सुझाव आ सकें।

















