मंगलवार को मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी जरवल कस्बे पहुंचे, जहाँ वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी और कुछ नेताओं की आलोचना भी की।
डिंपल यादव पर बयान- मौलाना शहाबुद्दीन ने सपा सांसद डिंपल यादव को लेकर दिए गए अपने पुराने बयान को दोहराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अब भी अपने उस बयान पर कायम हैं, जिसमें उन्होंने डिंपल यादव पर मस्जिद की तौहीन करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि जब कोई महिला मस्जिद जाती है, तो उसे अपने पहनावे और व्यवहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मौलाना ने कहा कि डिंपल यादव को पूरी मुस्लिम कौम से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर डिंपल यादव ने अपनी इस गलती के लिए माफी नहीं मांगी, तो वर्ष 2027 में होने वाला चुनाव उनके लिए नुकसानदायक हो सकता है।
सोनिया गांधी के लेख पर प्रतिक्रिया- मौलाना शहाबुद्दीन ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के गाजा मुद्दे पर लिखे गए लेख की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को फिलिस्तीन और ईरान के मुद्दे तो दिखाई देते हैं, लेकिन वे बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की पीड़ा पर कभी कुछ नहीं कहतीं। मौलाना ने यह सवाल उठाया कि क्या सोनिया गांधी को केवल विदेशी मुस्लिम देशों की चिंता है? उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनिया गांधी भविष्य में बांग्लादेशी हिंदुओं की स्थिति पर भी कुछ लिखेंगी और उनकी तकलीफों को भी सामने लाएंगी।
यह भी पढ़ें-
साड़ी पहने डिम्पल यादव को “…औरत” कहना और महिला संगठनों एवं सपा समर्थकों का मौन : घातक है यह चुप्पी
पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख- पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच को लेकर असदुद्दीन ओवैसी द्वारा उठाए गए सवाल का समर्थन करते हुए मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों को भारत में खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान बार-बार भारत के खिलाफ साजिशें करता है, तब उसके साथ खेल जैसे मैत्रीपूर्ण संबंध रखना उचित नहीं है। उन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने इस हमले के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी। मौलाना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की भी सराहना की, जो इस हमले के जवाब में भारत द्वारा किया गया था। उन्होंने इसे एक सफल और साहसिक कदम बताया और कहा कि भारत ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
















