पाकिस्तान की ओर से पंजाब में हथियार, ड्रोन व हेरोइन सप्लाई करने का क्रम जारी है, इसकी ताजा शृंखला में सुरक्षा बलों ने दो स्थानों से भारी मात्रा में हथियार, ड्रोन व हेरोइन बरामद कर लगभग आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बीती सोमवार की रात को सीमा पर तैनात बीएसएफ के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। पाक द्वारा भेजे छह ड्रोन, एक विदेशी पिस्टल, एक किलो 73 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइलों के अलावा एक बाइक पर सवार दो तस्करों को दबोच लिया गया।
आईएसआई से जुड़े तस्कर गिरफ्तार
भिखीविंड निवासी दोनों तस्करों के संबंध पाक बैठे आईएसआई से हैं। फिलहाल जांच जारी है। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि पाक की तरफ से रात होते ही लगातार ड्रोन के माध्यम से असलहा व मादक पदार्थों की खेप भेजी जाती है।
बीएसएफ को खुफिया रिपोर्ट मिली कि थाना खालड़ा के गांव डल के क्षेत्र में दो तस्कर नशे व हथियार की खेप लेकर ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। बीएसएफ द्वारा बढ़ाई चौकसी दौरान बाइक (पीबी 02 बीएच 5251) पर सवार दोनों तस्करों को दबोच लिया गया।
तस्करों की पहचान और बरामद हथियार
जिनकी बाद में पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ निक्का पुत्र भुपिंदर सिंह, हरमनप्रीत सिंह उर्फ हरमन पुत्र सुखचैन सिंह निवासी भिखीविंड (जिला तरनतारन) के तौर पर हुई। उनके कब्जे से 30 बोर का एक पिस्टल, दो कारतूस, दो मोबाइल बरामद किए गए।
इसी तरह गांव रोड़ांवाला खुर्द, दाउके कलां, भैणी राजपूतां, दाउके की हदबंदी से छह ड्रोन, एक किलो 73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
एसएसपी दीपक पारिक का बयान
एसएसपी दीपक पारिक ने बताया कि दोनों तस्करों के खिलाफ थाना खालड़ा में केस दर्ज करके अदालत समक्ष पेश किया गया।
पंजाब पुलिस का बड़ा ऑपरेशन
पंजाब पुलिस ने मंगलवार को एक बड़े ऑपरेशन में सीमा पार हथियार तस्करी के एक गिरोह को पकड़ा। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जो पाकिस्तान में बैठे एक अपराधी के इशारे पर काम कर रहा था।
काउंटर इंटेलिजेंस की त्वरित कार्रवाई
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि यह तस्कर भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से हथियारों की खेप लेने के बाद उसे डिलीवर करने जा रहा था। तभी अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने उसे धर दबोचा।
बरामद हथियार और जांच
पुलिस ने उसके पास से 5 पिस्तौलें बरामद कीं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह तस्कर पाकिस्तान के एक तस्कर के संपर्क में था। ये हथियार अपराधियों और गैंगस्टरों को देने की योजना थी, ताकि इलाके में शांति भंग की जा सके।
पुलिस ने अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में मामला दर्ज किया है। इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसके कनेक्शनों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

















